दिसपुर, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गुवाहाटी ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में 'एआई/एमएल को-प्रोसेसर और पोस्ट क्वांटम क्रिप्टोग्राफी को-प्रोसेसर का डिजाइन एवं विकास (पूर्वोत्तर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विनिर्माण की दिशा में एक पहल)' नामक परियोजना के तहत विभिन्न 11 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से जारी 11 रिक्तियों में प्रिंसिपल साइंटिस्ट के 1, प्रिंसिपल साइंटिस्ट (दिल्ली) के 1, सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के 1, प्रोजेक्ट साइंटिस्ट के 2, असोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर के 1, टेक्निकल असिस्टेंट के 2, लैब असिस्टेंट का 1 और लैब अटेंडेंट के 2 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें आईआईटी-गुवाहाटी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास प्रिंसिपल साइंटिस्ट पद के लिए इंजीनियरिंग में पीएचडी और 6 वर्ष का प्रासंगिक औद्योगिक अनुभव या एमटेक/एमई के साथ 9 वर्ष का प्रासंगिक औद्योगिक अनुभव या ग्रेजुएशन की डिग्री एवं 11 वर्ष का प्रासंगिक औद्योगिक अनुभव होना चाहिए।
सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए इंजीनियरिंग में पीएचडी के साथ 3 वर्ष का अनुभव या एमटेक/एमई और 7 वर्ष का अनुभव या ग्रेजुएशन की डिग्री एवं 9 वर्ष का अनुभव; प्रोजेक्ट साइंटिस्ट पद के लिए एमटेक/एमई के साथ 5 वर्ष का अनुभव या ग्रेजुएशन की डिग्री और 7 वर्ष का अनुभव; असोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर पोस्ट के लिए वीएलएसआई/माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स/सीएस में मास्टर डिग्री या ईसी/ईई/सीएस में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ 3 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
टेक्निकल असिस्टेंट पद के इंजीनियरिंग में एमटेक/एमई न्यूनतम 3 वर्ष के अनुभव के साथ या इंजीनियरिंग में बीटेक/बीई या एमसीए में 5 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। वहीं, कौशल/शिक्षण में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
लैब असिस्टेंट पद के लिए बीएससी (65 प्रतिशत या 7 सीजीपीए या उससे अधिक) और न्यूनतम 3 वर्ष के अनुभव या इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी में डिप्लोमा न्यूनतम 5 वर्ष के अनुभव के साथ; लैब असिस्टेंट पोस्ट के लिए कैंडिडेट हाई स्कूल उत्तीर्ण होना चाहिए और न्यूनतम 4 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनिच कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 21,497.50 से 1,69,979.60 रुपए के बीच प्रति माह होगी। हालांकि, सक्षम प्राधिकारी द्वारा साक्षात्कार में उम्मीदवार के प्रदर्शन और प्रासंगिक अनुभव के आधार पर मूल वेतन में संशोधन किया जा सकता है।
इंटरव्यू 15 जून को सुबह 10 बजे से 'ई एवं आईसीटी सम्मेलन कक्ष, प्रौद्योगिकी परिसर' में आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी