नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, इग्नू ने गैर-शिक्षण के विभिन्न पदों पर वैकेंसी की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।
इग्नू की ओर से जारी 14 रिक्तियों में सहायक निदेशक (असिस्टेंट डायरेक्टर) के 2, तकनीकी प्रबंधक (टेक्निकल मैनेजर) के 4 और तकनीकी सहायक (टेक्निकल असिस्टेंट) के 8 पद शामिल हैं। टेक्निकल असिस्टेंट के 8 पदों में टेक्निकल असिस्टेंट-एलएमएस के 2, टेक्निकल असिस्टेंट-नेटवर्किंग के 2, टेक्निकल असिस्टेंट-एनिमेटर का 1, टेक्निकल असिस्टेंट-गेम डिजाइनर का 1, टेक्निकल असिस्टेंट-वर्चुअल रियलिटी/ऑगमेंटेड रियलिटी एप्लीकेशन डेवलपमेंट का 1 और टेक्निकल असिस्टेंट-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का 1 पद शामिल हैं। टेक्निकल मैनेजर के 4 पदों में टेक्निकल मैनेजर-एलएमएस का 1, टेक्निकल मैनेजर-नेटवर्किंग का 1, टेक्निकल मैनेजर-वर्चुअल रियलिटी/ऑगमेंटेड रियलिटी एप्लीकेशन डेवलपमेंट का 1 और टेक्निकल मैनेजर-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का 1 पद हैं। वहीं, असिस्टेंट डायरेक्टर के 2 पदों में असिस्टेंट डायरेक्टर-एलएमएस का 1 और असिस्टेंट डायरेक्टर-नेटवर्किंग का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 3 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
वहीं, सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को जमा किए हुए एप्लीकेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'भर्ती सेल, कमरा नंबर-13, ब्लॉक नंबर-7, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, मैदान गढ़ी, नई दिल्ली - 110068' पते पर 12 नवंबर तक डाक के माध्यम से पहुंचानी होगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक या उसके बराबर ग्रेड के साथ बीई (सीएस/आईटी)/बीटेक (सीएस/आईटी)/एमएससी (सीएस/आईटी)/एमसीए की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पोस्ट के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 3 से 10 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु असिस्टेंट डायरेक्टर के लिए 48 वर्ष, टेक्निकल मैनेजर के लिए 42 वर्ष और टेक्निकल असिस्टेंट के लिए 37 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी)/लिखित परीक्षा/स्किल टेस्ट/साक्षात्कार, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 9,300 से 39,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को ग्रेड-पे 4,800 से 5,400 रुपए के बीच और अन्य लाभ व भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए और एससी/एसटी/पीएच/पूर्व सैनिक/महिलाओं के लिए 500 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम