आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ: दीप्ति शर्मा सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर, पुरुषों में मार्को जानसेन रहे अव्वल

आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ: दीप्ति शर्मा सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर, पुरुषों में मार्को जानसेन रहे अव्वल

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को अक्टूबर 2026 के लिए 'आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना गया है। वहीं, साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर मार्को जानसेन ने 'मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' का खिताब अपने नाम किया है।

दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू सीरीज के सभी फॉर्मेट्स में शानदार प्रदर्शन किया था, जिन्होंने बांग्लादेश की सोभना मोस्तरी और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़कर यह सम्मान हासिल किया।

29 वर्षीय दीप्ति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया, जिससे भारतीय टीम टी20 और वनडे सीरीज के सभी छह अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अजेय रही। दीप्ति ने रायपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में 49 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इसके साथ ही सीरीज में दो विकेट भी लिए।

ऑलराउंडर दीप्ति ने अपनी शानदार फॉर्म को वनडे सीरीज में भी जारी रखा। उन्होंने पहले मैच में दो विकेट लिए और दूसरे मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने करियर का दूसरा वनडे शतक लगाया और तीन विकेट भी चटकाए। दोनों फॉर्मेट्स को मिलाकर, दीप्ति ने कुल 155 रन बनाए और सात विकेट लिए। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के अजेय अभियान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं, 'मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' चुने गए मार्को जानसेन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में साउथ अफ्रीका की 2-1 से जीत में शानदार प्रदर्शन किया था। 26 वर्षीय जानसेन ने पहली बार यह पुरस्कार जीता है। इस सम्मान के लिए उनके साथ पाकिस्तान के उभरते हुए ऑलराउंडर अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के व्हाइट-बॉल कप्तान शाई होप भी नामित थे।

पहला टेस्ट हारने के बाद साउथ अफ्रीका की वापसी में जानसेन ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से मैच जिताऊ प्रदर्शन किया, जिससे उनकी टीम तीन मुकाबलों की सीरीज जीतने में सफल रही। इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन गकेबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट में रहा, जहां उन्होंने साउथ अफ्रीका की पहली पारी में 85 रन बनाए और पूरे मैच में छह विकेट लिए। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन की मदद से साउथ अफ्रीका ने पारी और 31 रनों से जीत दर्ज करते हुए सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके बाद सीरीज के निर्णायक तीसरे टेस्ट में भी जानसेन ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। उन्होंने एक और महत्वपूर्ण अर्धशतक लगाया और तीन विकेट लिए। साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

--आईएएनएस

आरएसजी