हैदराबाद, 13 सितंबर (आईएएनएस)। हैदारबाद में स्थित उप्पुगुडा के ललिता बाग में मल्लिकार्जुन नगर यूथ वेलफेयर एसोसिएशन ने गणेश चतुर्थी की 50वीं वर्षगांठ के जश्न के हिस्से के तौर पर 'विकसित भारत 2047' थीम वाली गणेश जी की मूर्ति स्थापित की है।
विकसित भारत की तर्ज पर गणेश पंडाल बनाने वाले श्रीकांत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप विकसित भारत की तर्ज पर गणेशजी की मूर्ति की स्थापना की है। विकसित भारत के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए इस बार विकसित भारत 2027 थीम पर भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना की है। 2047 में भारत कैसा होगा, इसको देखते हुए हमने पंडाल और गणेशजी की मूर्ति बनाई है। हमने देश और गणेश भक्ति को एक साथ लाने की कोशिश की है। पिछले साल हमने 'ऑपरेशन सिंदूर' की थीम पर गणेश जी की मूर्ति और पंडाल को सजाया था। इस बार पंडाल में बैलगाड़ी के साथ बुलेट ट्रेन का नमूना बनाया है।"
सुशील कुमार ने कहा, "इस बार हमने गणेश पंडाल को विकसित भारत 2047 के आधार पर तैयार किया है। 2047 में भारत कैसा रहेगा, कितना आगे जाएगा, उसे दिखाने कोशिश की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 20 वर्षों में जो कार्य करने की योजना बना रहे हैं, वह हम पोस्टर के जरिए दिखा रहे हैं। मैन्युफैक्चरिंग और एग्रीकल्चर समेत अन्य विकास कार्यों को पोस्टर के जरिए मंडप को सजाया है।"
सुशील कुमार ने कहा, "2025 में ऑपरेशन सिंदूर के थीम पर गणेश प्रतिमा की स्थापना करते हुए पंडाल को सजाया था। इस थीम को लोगों ने बहुत पसंद किया और सराहना की। इस साल भगवान गणेश को ऑर्मर के रूप में तैयार किया गया है। देशभक्ति और भगवान भक्ति सभी में जागृत हो, इसलिए इस बार इस थीम को चुना गया है। अगले 11 दिनों तक पंडाल में पूजा-हवन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।"
--आईएएनएस
ओपी/पीएम