बचपन से जैकी श्रॉफ के फैन रहे हैं शरद केलकर, एक दिन में दो बार देखी थी 'राम लखन'

बचपन से जैकी श्रॉफ के फैन रहे हैं शरद केलकर, एक दिन में दो बार देखी थी 'राम लखन'

मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता शरद केलकर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'काली खेती' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ जैकी श्रॉफ भी नजर आएंगे। शरद के लिए इस फिल्म का हिस्सा बनना अपने बचपन के पसंदीदा अभिनेता के साथ काम करने का सपना पूरा होने जैसा है। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही जैकी श्रॉफ के बड़े फैन रहे हैं और उनकी फिल्म 'राम लखन' एक ही दिन में दो बार देखने के लिए थिएटर पहुंचे थे।

फिल्म के प्रमोशन के दौरान शरद केलकर ने आईएएनएस से जैकी श्रॉफ और फिल्म के निर्देशक हारिस इम्तियाज खान के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी और उसे पेश करने का तरीका उन्हें काफी पसंद आया।

शरद ने कहा, ''जब मैंने सुना कि फिल्म में एक दिलचस्प किरदार है और हारिस इम्तियाज खान ने जिस तरह से मुझे स्क्रिप्ट सुनाई, उसका पूरा स्टोरीबोर्ड समझाया, वह मुझे काफी पसंद आया। उन्होंने हर सीन की कहानी को जिस तरह से तैयार किया था, वह आज के समय में बहुत कम देखने को मिलता है। खास बात यह थी कि स्टोरीबोर्ड कंप्यूटर से नहीं बनाया गया था, बल्कि हाथ से पेंट किया गया था। यही बात मेरे दिल को छू गई।''

उन्होंने आगे कहा, ''स्टोरीबोर्ड की बारीकियां देखकर मैं हैरान रह गया था। निर्देशक ने मेरे किरदार को एक अलग नजरिए से देखा, जिससे मुझे यह किरदार निभाने के लिए काफी ऊर्जा मिली। फिल्म में मेरा किरदार काफी मजबूत है।''

शरद ने जैकी श्रॉफ के साथ काम करने को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''जाहिर है, मुझे उस इंसान के साथ काम करने का मौका मिला, जिसे मैं पसंद करता हूं और जिसका फैन हूं। फिल्म को करने की एक बड़ी वजह जैकी श्रॉफ हैं, क्योंकि मैं हमेशा से उनके साथ काम करना चाहता था।''

उन्होंने कहा, ''मैं बचपन से ही उनका बहुत बड़ा फैन रहा हूं। मैं 'राम लखन' देखने एक ही दिन में दो बार सिंगल स्क्रीन थिएटर गया था। फिल्म से जुड़ी ये सारी बातें मेरे लिए बहुत मायने रखती थीं। इसलिए जब मुझे इसमें काम करने का मौका मिला, तो मैं इसके लिए मना नहीं कर सका।''

'काली खेती' को हारिस इम्तियाज खान ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को सना खान ने अपने प्रोडक्शन बैनर ब्लैककैनवास स्टूडियो के तहत प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम