'मटरगश्ती' में चारू का किरदार मिलने पर बोलीं सौम्या उनियाल, 'डायरी में पहले ही लिख लिया था कैसा रोल और सीरीज चाहती हूं'

'मटरगश्ती' में चारू का किरदार मिलने पर बोलीं सौम्या उनियाल, 'डायरी में पहले ही लिख लिया था कैसा रोल और सीरीज चाहती हूं'

मुंबई, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक्टर सौम्या उनियाल इन दिनों सीरीज 'मटरगश्ती' में चारू के किरदार को लेकर चर्चा में हैं। सौम्या के लिए यह रोल उनकी उस ख्वाहिश के पूरा होने जैसा है, जिसे उन्होंने कभी अपनी डायरी में लिखा था।

एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने डायरी में विस्तार से लिखा था कि वह किसी सीरीज में काम करना चाहती हैं और उसमें किस तरह का किरदार निभाना चाहेंगी। जब उन्हें 'मटरगश्ती' में चारू का रोल मिला, तो उन्हें लगा कि जैसे उनकी लिखी इच्छा सच हो गई है।

आईएएनएस से बातचीत में सौम्या ने अपने किरदार के बारे में बताया कि चारू को सिर्फ उसके बाहरी व्यवहार से समझना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, ''अगर आप चारू को ऊपर-ऊपर से देखेंगे, तो उसे आसानी से गलत समझ सकते हैं। कुछ माता-पिता तो उसे उस बुरी संगत की तरह देख सकते हैं, जिससे वे अपने बच्चों को दूर रहने की सलाह देते हैं। लेकिन असल में वह ऐसी दोस्त है, जिसके अंदर बहुत प्यार, परवाह और अपनापन है। वह अपने दोस्तों को लेकर काफी प्रोटेक्टिव है और अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर करती है। उसकी एक खूबी जो मैं अपने अंदर भी चाहूंगी, वह है उसका आत्मविश्वास और निडर अंदाज।''

सौम्या ने बताया कि इस सीरीज में काम करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा रहा। उन्होंने कहा, ''मेरे पास एक डायरी थी, जिसमें मैंने लिखा था कि मैं किसी सीरीज में काम करना चाहती हूं। मैंने उसमें काफी विस्तार से अपनी इच्छा लिखी थी और बताया था कि किरदार कैसा होना चाहिए और एपिसोड कितनी लंबाई के होने चाहिए। इसलिए मुझे लगता है कि एक तरह से मैंने इस मौके को अपनी सोच और इच्छा से सच कर लिया।''

सीरीज में दिग्गज अभिनेता राजेश शर्मा के साथ काम करने के अनुभव पर भी सौम्या ने बात की। उन्होंने कहा, ''राजेश ऐसे अभिनेता हैं, जिन्हें मैं कई सालों से अपना आदर्श मानती आई हूं। उनका काम खुद उनकी प्रतिभा के बारे में बताता है। किसी भी किरदार में इतनी आसानी से ढल जाना वाकई तारीफ के काबिल है।''

वहीं, अपनी को-स्टार अद्रिजा सिन्हा के साथ अपने रिश्ते को लेकर सौम्या ने कहा, ''पहली बार उनका काम देखकर मैं थोड़ी घबरा गई थीं। हमारी मुलाकात सीरीज के कॉस्ट्यूम ट्रायल के दौरान हुई थी और पहली ही मुलाकात में हमारी अच्छी दोस्ती हो गई। शूटिंग के दौरान यह रिश्ता और गहरा होता गया। अब अद्रिजा मेरे लिए छोटी बहन जैसी हैं और मैं दिल से उनके अच्छे भविष्य की कामना करती हूं।''

'मटरगश्ती' ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम