चौथा टी20: बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन, टी20 में टीम इंडिया को मिली रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी हार

चौथा टी20: बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन, टी20 में टीम इंडिया को मिली रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी हार

ऑकलैंड, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को चौथे टी20 मुकाबले में 87 रनों से हराया। भारतीय टीम 260 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी।

भारतीय टीम की यह रनों के लिहाज से टी20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे बड़ी हार है। टीम इंडिया को क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे बड़ी हार का सामना साल 2026 में ही इंग्लैंड के खिलाफ करना पड़ा था। इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को 125 रनों से हराया था। इसके साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में चला आ रहा भारत का विजय रथ भी थम गया। भारत को लगातार 10 मैच जीतने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। संजू सैमसन 4 रन बनाकर आउट हुए, तो ईशान किशन अपना खाता तक नहीं खोल सके। वहीं, अभिषेक शर्मा 27 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर 11 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। वहीं, अक्षर पटेल 7 और नीतीश कुमार रेड्डी 21 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा ने टीम की ओर से सर्वाधिक 35 रन बनाए, तो नमन धीर ने 28 रनों का योगदान दिया। प्रिंस यादव 18 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स द्वारा खेली गई 49 गेंदों में 107 रनों की विस्फोटक पारी के बूते 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 259 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। माइकल ब्रेसवेल भी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 25 गेंदों का सामना करते हुए 65 रन बनाए। फिन एलन ने 17 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि डेरिल मिचेल ने 9 गेंदों में 24 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में जैकब डफी ने 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, कप्तान मिचेल सैंटनर और मैथ्यू फिशर ने दो-दो विकेट निकाले।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी