सैमसंग इस महीने अमेरिका में पेश करेगा अपना नया फ्लैगशिप गैलेक्सी स्मार्टफोन

सैमसंग इस महीने अमेरिका में पेश करेगा अपना नया फ्लैगशिप गैलेक्सी स्मार्टफोन

सोल, 11 फरवरी (आईएएनएस)। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने बुधवार को कहा कि वह इस महीने अमेरिका में होने वाले 'गैलेक्सी अनपैक्ड' इवेंट में अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन पेश करेगा। कंपनी ने संकेत दिया है कि यह नया फोन पहले से ज्यादा बेहतर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) फीचर्स के साथ आएगा।

'गैलेक्सी अनपैक्ड 2026' कार्यक्रम 25 फरवरी को सैन फ्रांसिस्को में आयोजित किया जाएगा। कंपनी ने अपने निमंत्रण में "द नेक्स्ट एआई फोन मेक्स योर लाइफ ईजियर" यानी "अगला एआई फोन आपकी जिंदगी आसान बनाता है" शीर्षक दिया है।

योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि नई गैलेक्सी एस सीरीज आ रही है, जिसे रोजमर्रा के कामों को आसान बनाने, लोगों में आत्मविश्वास बढ़ाने और गैलेक्सी एआई को हाथ में लेते ही सहज रूप से एकीकृत महसूस कराने के लिए बनाया गया है।

कंपनी ने कहा कि यह एआई के नए दौर की शुरुआत होगी, जहां तकनीक और भी ज्यादा व्यक्तिगत और अनुकूल बनेगी।

सूत्रों के अनुसार, नया स्मार्टफोन गैलेक्सी एस26 हो सकता है, जिसमें एक खास इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर दिया जाएगा, जिससे यूजर्स अपनी स्क्रीन पर दिखने वाली जानकारी को दूसरों से छिपा सकेंगे। इसके लिए किसी अतिरिक्त स्क्रीन गार्ड या फिल्म लगाने की जरूरत नहीं होगी।

कंपनी ने बताया कि इस नए फीचर से यूजर्स यह तय कर सकेंगे कि उनकी स्क्रीन कितनी दिखाई दे। इससे 'शोल्डर सर्फिंग' यानी पास खड़े व्यक्ति द्वारा स्क्रीन देखने की समस्या से बचा जा सकेगा। यह सुविधा बहुत जल्द गैलेक्सी फोन में उपलब्ध कराई जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, यह फीचर खास तौर पर गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा मॉडल में दिया जा सकता है। कंपनी ने कहा कि यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग सेटिंग्स चुनकर स्क्रीन की विजिबिलिटी को कंट्रोल कर सकेंगे।

सैमसंग ने बताया कि इस तकनीक को विकसित करने में पांच साल से ज्यादा का समय लगा है। कंपनी ने लोगों की फोन इस्तेमाल करने की आदतों का अध्ययन किया और यह समझने की कोशिश की कि लोग अपनी निजी जानकारी को कैसे सुरक्षित रखना चाहते हैं।

--आईएएनएस

डीबीपी/