बचपन के मुकाबले आज की दुनिया ज्यादा असुरक्षित हो गई है, सैफ अली ने खुद पर हुए हमले को किया याद

सैफ अली खान पर हमले के बाद बेटे जेह ने थमाई थी प्लास्टिक की तलवार, कहा था- 'अगली बार चोर आए तो इससे लड़ना'

मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता सैफ अली खान ने जनवरी 2025 में घर पर हुए चाकू से हमले के परिवार पर पड़े असर को लेकर एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उस घटना के बाद उनके छोटे बेटे जेह ने उन्हें अपनी प्लास्टिक की तलवार दे दी थी और कहा था कि अगर अगली बार चोर आए तो वह उससे मुकाबला करें। उस वक्त जेह काफी छोटा था। सैफ ने यह बात करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में बातचीत के दौरान बताई।

सैफ अली खान ने बताया कि घटना के बाद कई महीनों तक जेह अपनी प्लास्टिक की तलवार उनके पास रखता था। उन्होंने कहा, ''जेह ने मुझे अपनी प्लास्टिक की तलवार दी और कहा, 'अगली बार जब वह चोर आए तो इससे उसका मुकाबला करना। पूरी घटना उसके सामने हुई थी। उसने लड़ाई होते हुए देखी थी और उसे लगता है कि मैं बहुत बड़ा रक्षक हूं। उसकी नजर में मैं आयरन मैन हूं।''

बातचीत के दौरान करण जौहर ने भी अपने बच्चों को इस घटना के बारे में समझाने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को खास तौर पर तैमूर की चिंता हो रही थी।

सैफ ने हमले के दौरान लगी चोटों को याद करते हुए कहा, ''यह बहुत डरावना था। मेरी गर्दन पर कट लगे थे। मुझे लगा कि मेरी पीठ में भी कुछ है और गिरने की वजह से कई चोटें आई थीं। मैं घायल था और हमलावर ठीक था।''

उन्होंने बताया, ''उसने मुझे करीब 10 बार चाकू मारा था। सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। शायद हिंदी फिल्मों में काम करने की वजह से मेरी सहज प्रतिक्रिया थी कि मैंने सबसे पहले उस पर हमला कर दिया। मुझे बहुत गुस्सा आया था, क्योंकि वह मेरे बेटे के ऊपर चाकू लेकर खड़ा था।''

सैफ ने कहा, ''दीवार पर सजावटी ढाल के साथ दो तलवारें लगी थीं। मैं और घर के हेल्पर हरि उन्हें दीवार से उतार रहे थे, ताकि नीचे जाकर उस आदमी का फिर से सामना कर सकें। हमें लगा था कि शायद वहां और लोग भी हो सकते हैं। लेकिन करीना ने हमें रोक दिया और कहने लगी- 'बेवकूफी मत करो। लिफ्ट में बैठो। हमें तुम्हें अस्पताल ले जाना है।'''

इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर सैफ ने कहा, ''लोगों को सावधान रहना चाहिए। आज की दुनिया में यह कहना थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन थोड़ी सुरक्षा जरूरी है। मुझे लगता है कि आज की दुनिया हमारे बचपन के समय के मुकाबले कुछ ज्यादा असुरक्षित हो गई है।''

जनवरी 2025 में एक हमलावर मुंबई स्थित सैफ और करीना के घर में घुस आया था। इस दौरान सैफ पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें उनकी गर्दन और पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई थीं। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए लीलावती अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी सर्जरी हुई थी।

--आईएएनएस

पीके/वीसी