मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री रुहानी शर्मा इन दिनों फिल्म 'आकाशमलो ओका तारा' में अपने किरदार 'बिजली' को लेकर दर्शकों से खूब तारीफें बटोर रही हैं। दुलकर सलमान और सात्विका वीरवल्ली की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में रुहानी ने एक अहम किरदार निभाया है। फिल्म में उनके अभिनय के साथ-साथ उनके किरदार की सादगी ने भी दर्शकों का दिल जीता है।
अब अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर अपने किरदार को मिले प्यार के लिए आभार जताया है। उन्होंने बताया कि बिजली का किरदार उनके दिल के बेहद करीब है और उसे दर्शकों ने जिस तरह समझा है, वह उनके लिए बेहद खास है।
रुहानी ने अपने पोस्ट में लिखा, ''कुछ किरदार अपनी कहानी की वजह से खास होते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं जो चुपचाप दिल में जगह बना लेते हैं और लंबे समय तक वहीं रहते हैं। बिजली मेरे लिए ऐसा ही किरदार है। मैंने शायद ही कभी किसी किरदार को इतना पसंद किया हो, जितना मैं बिजली को पसंद करती हूं।''
उन्होंने लिखा, ''इस किरदार को निभाते-निभाते मैं उससे बहुत गहराई से जुड़ गई। उसकी दयालुता, सादगी, मासूमियत, हिम्मत और प्यार करने का खूबसूरत अंदाज मुझे बहुत पसंद आया। वह कृष्णा से प्यार करती थी, यह जानते हुए कि उसकी जिंदगी की सच्चाई क्या है, यह जानते हुए कि वह शायद कभी उससे वैसा प्यार न करे, जैसा वह उससे करती थी। इन सबके बावजूद वह उससे पूरे दिल से प्यार करती थी। इसलिए नहीं कि कृष्णा उसे चुनें, न ही इसलिए कि वह उस पर अपना हक जताए और न ही इस उम्मीद में कि उसे बदले में प्यार मिले। वह बस उससे निस्वार्थ प्यार करती थी।''
रुहानी ने आगे कहा, ''बिजली के प्यार में मुझे सबसे खूबसूरत बात यह लगी कि वह बदले में कुछ पाने की उम्मीद नहीं रखती थी। वह कृष्णा को जिस तरह देखती थी, उसकी खूबियों को समझती थी और उससे इतना प्यार करने के बावजूद उसे खुशी-खुशी जाने देने का हौसला भी रखती थी, इस बात ने मुझे अंदर तक प्रभावित किया।''
अभिनेत्री ने कहा, ''बिजली ने कभी कृष्णा से उसकी जिंदगी में मौजूद किसी चीज को छीनने की कोशिश नहीं की। वह उसकी पत्नी के प्रति प्यार को समझती थी और शायद यही बात उसके प्यार को और भी खूबसूरत बनाती थी। उसका प्यार बेहद पवित्र, निस्वार्थ और दिव्य है। एक समय ऐसा आया, जब मैं सिर्फ बिजली का किरदार निभा नहीं रही थी, बल्कि उससे सच में प्यार करने लगी थी।''
रुहानी ने अपने पोस्ट में उन सभी दर्शकों का भी शुक्रिया अदा किया, जो उन्हें मैसेज भेज रहे हैं, बिजली के वीडियो एडिट बनाकर शेयर कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपने विचार जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, ''आप सभी का शुक्रिया, जिस तरह आप बिजली को देख और समझ रहे हैं, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। आप सभी ने उसे इतना प्यार दिया है कि मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। आपका हर मैसेज मेरे दिल को छू जाता है। यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि आपने बिजली को इतने प्यार से अपनाया और उसके किरदार को इतनी खूबसूरती से समझा। यह मेरे लिए सच में बहुत बड़ी बात है।''
--आईएएनएस
पीके/एएस