पीएम-कुसुम योजना से किसानों को राहत, कम बारिश और बिजली कट की चिंता से छुटकारा

पीएम-कुसुम योजना से किसानों को राहत, कम बारिश और बिजली कट की चिंता से छुटकारा

जालना, 19 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की 'प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान' (पीएम-कुसुम) योजना ग्रामीण इलाकों के किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। सोलर पंपों की मदद से खेती-बाड़ी बढ़ी है और किसान बारिश की कमी व बिजली कटौती से होने वाले नुकसान से बच पा रहे हैं।

महाराष्ट्र का जालना जिला सूखे की मार झेलने वाले इलाके के तौर पर जाना जाता है। इस वजह से किसान खेती के नए तरीकों को आजमाने से हिचकिचाते थे, क्योंकि ऐसे प्रयोगों के लिए पानी का सही इस्तेमाल करना मुश्किल होता था। इसके अलावा, दिन के समय बिजली की भारी किल्लत के कारण किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए रात में खेतों में जाना पड़ता था। यह काम बहुत मुश्किल और परेशानी भरा होता था।

पीएम-कुसुम योजना ने इस समस्या को हल कर दिया है। इस योजना ने किसानों की मेहनत को कम किया है और खेती का प्रबंधन करना काफी आसान बना दिया है।

अंतरवाला गांव के किसान भरत शिंदे ने पीएम-कुसुम योजना के तहत 3 किलोवाट का सोलर पंप खरीदा।

इस सूखा-ग्रस्त इलाके में शरीफा और मीठे नींबू (मौसंबी) की खेती की योजना बनाने वाले शिंदे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सोलर पंप की वजह से बिजली कटौती के बावजूद दिन में ही फसलों की सिंचाई करना मुमकिन हो गया है, जिससे सिर्फ पानी देने के लिए रात में बार-बार खेत जाने की जरूरत नहीं पड़ती।

यह बताते हुए कि इससे खेती-बाड़ी बहुत आसान हो गई है, शिंदे ने दूसरे किसानों से भी इस योजना का लाभ उठाने को कहा, क्योंकि इससे उन्हें रात में चैन की नींद मिलेगी और बिजली कटौती से होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि फसल की पैदावार में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि सोलर पंप ने बारिश की कमी और बिजली कटौती से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद की है।

आधुनिक तकनीक से लैस इस सोलर पंप को मोबाइल फोन के जरिए चलाया जा सकता है, यानी इसे चालू और बंद किया जा सकता है।

खेतों की ओर भागने की जरूरत खत्म होने और पानी के बेहतर प्रबंधन में मिली आसानी के कारण, भारत शिंदे ने कुसुम सोलर स्कीम का लाभ देने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का दिल से आभार व्यक्त किया है।

टेक्नोलॉजी पर आधारित कुसुम सोलर स्कीम ग्रामीण इलाकों में किसानों की जिंदगी बदल रही है। इससे ज्यादा से ज्यादा किसानों के लिए इस स्कीम का फायदा उठाना और पारंपरिक खेती के नए तरीकों को आजमाना आसान हो रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी