नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के मुख्य इक्विटी सूचकांकों में से एक निफ्टी50 अगले साल यानी 2027 के अंत तक 28,000 के स्तर को छू सकता है, जो कि शेयर बाजार के मौजूदा स्तर करीब 25,000 से लगभग 12 प्रतिशत अधिक है। इसे मजबूत आय आउटलुक, कम तेल की कीमतों और एआई पर पूंजीगत खर्च कम होने से सपोर्ट मिलेगा। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई।
ब्रोकरेज फर्म 'सिटी रिसर्च' की एक रिपोर्ट के अनुसार, कुछ दिनों पहले तक भारतीय इक्विटी बाजार अपने वैश्विक प्रतिस्पर्धी बाजारों के मुकाबले पीछे चल रहा था। इसका कारण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े ट्रेड को लेकर वैश्विक स्तर पर अतिउत्साह और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक देश (भारत) के लिए बाजार के नजरिए पर दबाव डाला था।
शुक्रवार तक के पिछले सात सत्रों में निफ्टी50 में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई है। यह तेजी विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के निवेश में फिर से आए उछाल के कारण देखने को मिली है, क्योंकि इस दौरान एआई से जुड़े ट्रेड कम हुए और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई।
रिपोर्ट में कहा गया, "हमारे विश्लेषण के अनुसार, भारत के 'एक्टिव वेट' में 100 आधार अंक की बढ़ोतरी से 12 अरब डॉलर का निवेश आ सकता है।"
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद भारतीय इक्विटी के प्रति धारणा बेहतर हुई है। इससे यह उम्मीद जगी है कि एआई से जुड़े पूंजीगत खर्च की रफ्तार धीमी हो सकती है। इसके अलावा, तेल की कीमतों में गिरावट और ईरान से जुड़े संघर्ष के खत्म होने की उम्मीदों ने भी बाजार में सकारात्मक माहौल बनाया है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया, "अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद, डेटा सेंटर पर रोक लगने का जोखिम बढ़ने से निवेशकों ने अपना पैसा अन्य संपत्तियों में लगाना शुरू कर दिया है, और इससे भारत को फायदा मिलना जारी रह सकता है।"
रिपोर्ट में बताया गया कि निफ्टी 50 का 'प्राइस-टू-अर्निंग मल्टीपल' 17 गुना से बढ़कर 18 गुन हो गया है, जिससे निफ्टी में 28,000 अंकों का लक्ष्य तय हुआ है। इससे पहले, कंपनी ने सितंबर 2027 तक निफ्टी50 इंडेक्स के 26,000 के स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया था।
रिपोर्ट के अनुसार, "तेल की कम कीमतें भारत के मैक्रो और अर्निंग्स अनुमानों के लिए मददगार साबित हो सकती हैं। तेल की कीमत में 10 डॉलर (प्रति बैरल) की कमी से 'करंट अकाउंट डेफिसिट' में 30-40 आधार अंक और महंगाई दर में 50 आधार अंक का सुधार हो सकता है।"
--आईएएनएस
एबीएस