नक्सलवाद एक विचारधारा, हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं, बातचीत से ही समाधान: पित्रोदा(आईएएनएस एक्सक्लूसिव)

Naxalism an ideology : Sam Pitroda

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने नक्सलवाद के बदलते स्वरूप पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि करीब 4 दशक पहले वह जिस नक्सलवाद को जानते थे, आज उसका स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। हिंसक गतिविधियों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी विचारधारा से असहमति या सहमति हो सकती है, लेकिन हिंसा का रास्ता अपनाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

भाजपा ने हाल ही में देश से नक्सलवाद के खात्मे की बात कही थी। इसे लेकर आईएएनएस ने पित्रोदा की राय मांगी तो उन्होंने कहा, "जिस नक्सलवाद को मैं 40 साल पहले जानता था, वह आज के नक्सलवाद से अलग है। जब मैं छात्र था और बड़ा हो रहा था, तब नक्सलवाद के बारे में थोड़ी जानकारी थी। उस समय वे ऐसे चरमपंथी थे, जिनका मानना था कि उन्हें उनका उचित हिस्सा नहीं मिला है। उनकी सोच थी कि अमीर और ताकतवर लोग आपस में मिल गए हैं और उन्हें पीछे छोड़ दिया है। छात्र जीवन में नक्सलवाद के बारे में थोड़ी-बहुत जानकारी थी।"

इसकी वजह की तरफ इशारा कर आगे कहा, "दुनिया के कई हिस्सों में आज भी असमानता और संसाधनों के असमान बंटवारे की यही स्थिति देखने को मिलती है। हालांकि, समय के साथ इस समस्या का स्तर और स्वरूप बदल गया है। इतिहास में आज जितने अमीर और ताकतवर लोग हैं, उतने पहले कभी नहीं रहे।"

नक्सलवाद पर पित्रोदा बोले, "ये एक विचारधारा है और विचारधारा के स्तर पर किसी भी मुद्दे पर चर्चा व बहस हो सकती है। लोग एक मेज पर बैठकर अपनी असहमति और सहमति व्यक्त कर सकते हैं, लेकिन जब कोई आंदोलन हिंसा का रास्ता अपना लेता है तो उसका मूल उद्देश्य ही बदल जाता है।"

दुनिया के विभिन्न इलाकों में जारी संघर्ष का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता बोले, "मैं गाजा, यूक्रेन, नक्सलवाद या दुनिया के किसी अन्य हिस्से में होने वाली हिंसा को सही नहीं मानता। हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि इससे समस्याएं और गंभीर हो जाती हैं।"

1942 के बाद से हुए युद्ध का जिक्र करते हुए पित्रोदा ने कहा, "दुनिया ने द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर कोरियाई युद्ध, वियतनाम, अफगानिस्तान, इराक, लीबिया, मध्य पूर्व और यूक्रेन सहित कई संघर्ष देखे हैं। सोमालिया जैसे क्षेत्रों में भी लंबे समय तक हिंसा और संघर्ष जारी रहे हैं।"

उन्होंने अपनी बात को विराम देते हुए कहा, "इन सभी युद्धों के अंत में, कुछ खास हासिल नहीं होता। लोग मारे जाते हैं, संपत्ति नष्ट हो जाती है। हमने देखा है कि हथियारों पर अरबों-खरबों खर्च किए जाते हैं और निर्दोष लोग भुगतते हैं। मैं मानता हूं जब नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता अपनाया, तो इससे पूरा आंदोलन ही बदल गया। लेकिन मैं यहां ये जरूर कहना चाहूंगा कि नक्सलियों के बारे में कुछ भी राय व्यक्त करने वाला मैं कोई विशेषज्ञ नहीं हूं।"

--आईएएनएस

केआर/