बांग्लादेश सरकार पर अवामी लीग का आरोप, कहा- ब्रीफिंग के नाम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को किया जा रहा गुमराह

Awami League on Bangladesh govt's briefing to foreign diplomats

ढाका, 25 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश की अवामी लीग ने विदेशी राजनयिकों के सामने बीएनपी सरकार की ब्रीफिंग पर आपत्ति जताई है। अवामी लीग ने इसे "तथ्यात्मक रूप से अधूरा, संदर्भ से कटा हुआ और एकतरफा" बताया है, और प्रशासन पर "अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने" करने का आरोप लगाया है।

ये टिप्पणियां तब आईं जब बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने अवामी लीग पर देश में डर और असुरक्षा का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ टकराव को बढ़ावा दे रहे हैं।

मंगलवार को ढाका में विदेशी राजनयिकों को दी गई ब्रीफिंग के दौरान, कबीर ने कहा, "वे (अवामी लीग) लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वे राजनीतिक अराजकता की धारणा पैदा करने के लिए एजेंसियों के साथ टकराव को बढ़ावा दे रहे हैं।"

बांग्लादेश के दैनिक समाचार पत्र 'प्रोथोम आलो' ने कबीर के हवाले से यह जानकारी दी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता विदेशों में "आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग" में शामिल हैं, और उन्हें वापस बांग्लादेश लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की मांग की।

इन आरोपों को खारिज करते हुए, अवामी लीग ने कहा कि सरकार हिंसा की हर घटना के लिए पार्टी को जिम्मेदार ठहराती है, जबकि वह खुद अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों पर हुए हमलों, मनमानी गिरफ्तारियों, हिरासत में मौतों, अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न और गारमेंट (कपड़ा) श्रमिकों के क्रूर दमन को नजरअंदाज कर देती है।

पार्टी ने कहा, "हमें चिंता है कि सरकार ने विदेशों में रहने वाले बांग्लादेशियों की शांतिपूर्ण राजनीतिक गतिविधियों को 'आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग' का नाम देकर विदेशी सहयोग मांगा है। हमें भरोसा है कि मित्र देश 'शरण पाने के अधिकार' और 'नॉन-रिफ्यूलमेंट' सिद्धांत का सम्मान करेंगे। इस सिद्धांत के तहत किसी भी व्यक्ति को ऐसे देश में वापस नहीं भेजा जा सकता, जहां उसे उत्पीड़न या दुर्व्यवहार का खतरा हो।"

बांग्लादेश भर में हुई हिंसा, आगजनी, संपत्ति के नुकसान और कानून लागू करने वाले कर्मियों पर हमलों की निंदा करते हुए, अवामी लीग ने कहा कि "हर अपराध की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर मुकदमा चलना चाहिए।" पार्टी ने आगे कहा कि "किसी भी जांच से पहले ही एक राजनीतिक दल के लाखों समर्थकों को 'आतंकवादी' करार देना कानून के खिलाफ है।"

अवामी लीग ने सरकार के उस दावे को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि गारमेंट सेक्टर में अशांति पार्टी द्वारा जानबूझकर रची गई एक साजिश है।

पार्टी ने बताया कि दुनिया के दूसरे सबसे बड़े गारमेंट निर्यातक देश में 40 लाख से अधिक श्रमिकों ने तीन मुख्य मांगें रखी: न्यूनतम मासिक वेतन को मौजूदा 12,500 बांग्लादेशी टका से बढ़ाकर 30,000 टका करना; 'ब्लैकलिस्टिंग' (काली सूची में डालने की प्रथा) को खत्म करना; और बकाया वेतन का भुगतान करना।

उन्होंने कहा, "अगर सरकार ने समय रहते कदम उठाए होते और यह दिखाया होता कि वह श्रमिकों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को लेकर गंभीर है, तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।"

अवामी लीग ने राजनयिकों, संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे नवंबर 2026 में हुई तोड़फोड़ और हिंसक घटनाओं, अवामी लीग के सदस्यों पर हुए हमलों और हिरासत में हुई मौतों की संयुक्त राष्ट्र समर्थित एक स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करें।

इसने वैश्विक समुदाय से आग्रह किया है कि वे बांग्लादेशी अधिकारियों पर दबाव डालें कि वे अवामी लीग पर लगा प्रतिबंध हटाएं, बड़े पैमाने पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लें, और सभी राजनीतिक कैदियों (जिनमें हिरासत में लिए गए बच्चे और संसद के पूर्व सदस्य भी शामिल हैं) के लिए निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करें या उन्हें रिहा करें।

--आईएएनएस

केआर/