गुजरात प्रतिनिधिमंडल ने सीएम योगी से की मुलाकात, वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के लिए दिया आमंत्रण

गुजरात प्रतिनिधिमंडल ने सीएम योगी से की मुलाकात, वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के लिए दिया आमंत्रण

लखनऊ, 25 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में, गुजरात सरकार के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल की ओर से उन्हें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) 2027 में भाग लेने का आमंत्रण सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुजरात के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री रमणभाई सोलंकी ने किया। इसमें सचिव आलोक कुमार पांडेय, आईएएस; एमएसएमई आयुक्त क्षिप्रा आग्रे, आईएएस; तथा गुजरात सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। मुख्यमंत्री के साथ हुई इस बैठक से दोनों राज्यों के आपसी संबंध मजबूत करने, सहयोग के नए रास्ते तलाशने और साझा विकास प्राथमिकताओं पर विचार साझा करने का अवसर मिला।

समिट से पहले चल रहे संपर्क अभियान के तहत प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से भी मुलाकात की। उन्हें वीजीजीएस 2027 में भाग लेने और ऊर्जा एवं नगर विकास पर होने वाले ज्ञान सत्रों में योगदान देने के लिए आमंत्रित किया गया। दोनों पक्षों ने कई प्रमुख क्षेत्रों में विचारों और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान किया।

इनमें विद्युत वितरण सुधार, भूमिगत केबलिंग और रिवैम्प्ड डिस्ट्रिब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) योजना का क्रियान्वयन, शहरी शासन सुधार और बुनियादी ढांचे का विकास, उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और सड़क संपर्क, सड़क अवसंरचना के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल, तृतीयक उपचार (टर्शियरी ट्रीटमेंट) के जरिए अपशिष्ट जल का शोधन और पुनः उपयोग एजेंडे में स्वास्थ्य और फार्मा निर्यात शामिल हैं।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात की। उन्हें भी वीजीजीएस 2027 में भाग लेने और स्वास्थ्य क्षेत्र तथा फार्मा निर्यात पर केंद्रित प्रमुख सेमिनारों में योगदान देने के लिए आमंत्रित किया गया। बातचीत में नवीकरणीय ऊर्जा, भूमि सुधार और शासन से जुड़ी अन्य प्रमुख पहलों पर भी चर्चा हुई। बैठकों की यह श्रृंखला दिखाती है कि गुजरात अन्य राज्यों के साथ रणनीतिक साझेदारियाँ बनाने, निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने और ज्ञान साझा करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

ऐसे संवादों से राज्यों के बीच सहयोग मजबूत होता है। साथ ही, निवेश, नवाचार, सतत अवसंरचना और समावेशी विकास के क्षेत्र में मिलकर काम करने का रास्ता खुलता है, जिससे भारत के सामूहिक विकास को बल मिलता है। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट पहली बार वर्ष 2003 में आयोजित हुआ था। यह गुजरात सरकार का एक प्रमुख निवेश और व्यापार मंच है।

इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी, जो उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे। यह मंच भारत और दुनिया भर की सरकारों, उद्योग जगत के दिग्गजों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं और विचारकों को एक साथ लाता है। यहाँ वे साझेदारी की संभावनाएं तलाशते हैं, अवसर प्रदर्शित करते हैं और आर्थिक विकास को दिशा देने वाले विचारों पर चर्चा करते हैं।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी