मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि एक बार फिर अपने डांस को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अपनी कला के जरिए अपनी पारिवारिक जड़ों और मातृभाषा तमिल के प्रति प्यार जाहिर किया है। त्योहारों के मौसम में अभिनेत्री ने तमिल भाषा को समर्पित एक खास डांस रील बनाई है। गुलाबी साड़ी में अपने शानदार डांस मूव्स और खूबसूरत एक्सप्रेशंस से उन्होंने इस वीडियो में चार चांद लगा दिए हैं।
मीनाक्षी ने बताया कि तमिल उनके परिवार की मातृभाषा है, इसलिए उन्हें लगा कि त्योहारों के इस मौसम में अपनी भाषा को डांस के जरिए समर्पित करना अच्छा रहेगा। उन्होंने इस डांस रील को बनाने के अनुभव को भी शानदार बताया।
अभिनेत्री ने कहा, ''तमिल मेरे परिवार की मातृभाषा है। इसलिए मुझे लगा कि त्योहारों के इस मौसम में तमिल को समर्पित एक डांस रील बनाना सही रहेगा। इस गर्मी में सैन जोस में इस रोमांटिक और खूबसूरत डांस रील को बनाना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा।''
मीनाक्षी ने इस डांस रील की शूटिंग गर्मियों के दौरान कैलिफोर्निया के सैन जोस में की थी। वीडियो में वह गुलाबी साड़ी पहने नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने गोल्ड नेकपीस, मैचिंग ईयररिंग्स और चूड़ियां पहनी हैं। बालों में लगे गजरे ने उनके लुक को और खूबसूरत बना दिया है।
डांस के दौरान उनके शानदार मूव्स और चेहरे के भावों ने परफॉर्मेंस को खास बना दिया।
मीनाक्षी शेषाद्रि का जन्म झारखंड के मौजूदा धनबाद जिले के सिंदरी में एक तमिल भाषी परिवार में हुआ था। उन्होंने साल 1981 में मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। वह हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल रहीं।
साल 1995 में शादी के बाद वह अमेरिका के टेक्सास स्थित डलास चली गईं। बाद में उन्होंने मुंबई लौटकर एक बार फिर अपनी रचनात्मक दुनिया से जुड़ने का फैसला किया।
अभिनेत्री अक्सर अपने पुराने लोकप्रिय गानों को डांस रील के जरिए दोबारा रीक्रिएट करती रहती हैं। इससे उनके फैंस को उनके डांस और शानदार अंदाज की झलक देखने को मिलती है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम