मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। दिग्गज सिंगर कुमार सानू सुरीली आवाज के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। वह अपनी बात सीधे और साफ शब्दों में रखने से पीछे नहीं हटते। आईएएनएस से बात करते हुए सिंगर ने बताया है कि वह अपने आसपास मौजूद ऐसे लोगों को कैसे पहचानते हैं, जो सिर्फ उनकी हां में हां मिलाते हैं।
उन्होंने इंडस्ट्री के 'यस मैन' से दूरी बनाए रखने का अपना एक दिलचस्प तरीका भी साझा किया।
अपने नए गाने 'सुनियो जरा' के प्रमोशन के दौरान कुमार सानू ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में बताया कि किसी व्यक्ति के जरूरत से ज्यादा प्यार और तारीफ करने के पीछे भी कोई वजह हो सकती है। ऐसे लोगों को पहचानने के लिए उन्होंने एक मनोवैज्ञानिक तरीका भी बताया।
सिंगर ने कहा, ''अगर कोई आपको बहुत ज्यादा प्यार दिखाता है, तो आपको समझ जाना चाहिए कि उसके दिमाग में कुछ चल रहा है। इतना ज्यादा प्यार दिखाने की जरूरत क्यों है? अगर आप उसे उतना ही प्यार देते हैं, जितना उसे चाहिए, तो वह संतुष्ट हो जाएगा। वह सोचेगा कि यह इंसान सही है। यह बहुत साधारण सी बात है। आपके सामने जो व्यक्ति बैठा है, धीरे-धीरे आपको समझ आ जाता है कि उसे कितना प्यार और ध्यान देना चाहिए।''
कुमार सानू ने आगे बताया कि वह अपनी बातों को लेकर काफी सतर्क रहते हैं। उन्हें बेवजह ज्यादा बोलने की आदत नहीं है। उन्होंने कहा, ''मैं ज्यादा बात नहीं करता। यह मेरी आदत में ही नहीं है। मैं बहुत सीधे स्वभाव का इंसान हूं। कुछ लोग आपसे मिलकर बोलते हैं कि आपने बहुत अच्छी शर्ट पहनी है। हो सकता है कि मन ही मन उन्हें ऐसा न लगता हो। कुछ समय बाद आपको खुद महसूस होगा कि मेरी शर्ट तो इतनी अच्छी भी नहीं है। फिर वह इतनी तारीफ क्यों कर रहा था? इसका मतलब है कि लोग जरूरत से ज्यादा प्यार दिखाकर दूसरे व्यक्ति के मन में शक पैदा कर रहे हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''मेरा स्वभाव शुरू से ही साफ और सीधा रहा है, इसलिए ऐसे लोगों से निपटना मेरे लिए मुश्किल नहीं होता। मुझे इसके लिए अलग से कोई रणनीति बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। मैं जैसा हूं, वैसा ही रहता हूं और सामने वाले के व्यवहार को समझने की कोशिश करता हूं। अगर आप अपनी जरूरत से ज्यादा किसी के लिए कुछ करने लगते हैं, तो लोग इसे समझ जाते हैं।''
--आईएएनएस
पीके/एबीएम