मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कॉमेडियन जेफ रॉस के लिए यह वक्त दोहरी खुशी लेकर आया है। एक तरफ उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात देकर खुद को कैंसर मुक्त बताया है, तो दूसरी तरफ कैंसर से अपनी लड़ाई पर बने उनके शो को ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला है।
जेफ ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की। साथ ही उन्होंने परिवार, दोस्तों और फैंस का शुक्रिया अदा किया। उनका कहना है कि मुश्किल वक्त में सिर्फ बीमारी से लड़ना ही काफी नहीं होता बल्कि उन लोगों का साथ भी जरूरी होता है, जो हर कदम पर आपके साथ खड़े रहते हैं।
दरअसल, जेफ रॉस को 2024 में स्टेज 3 कोलन कैंसर का पता चला था। उस समय उनकी उम्र 60 साल थी। खास बात यह है कि उन्हें बीमारी का कोई लक्षण महसूस नहीं हो रहा था। वह पहली बार रूटीन चेकअप के लिए कोलोनोस्कोपी कराने गए थे और इसी जांच के दौरान कैंसर का पता चला।
जेफ ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ''जिंदगी कितनी अजीब है, है ना? इसमें अच्छा भी होता है, बुरा भी और बहुत कुछ ऐसा भी, जिसकी उम्मीद नहीं होती। मैं इस समय अपने ऑन्कोलॉजिस्ट के पास बैठा हूं और स्कैन की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा हूं। वहीं, सभी लोग मुझे फोन कर रहे हैं, क्योंकि कैंसर और इससे मेरी लड़ाई पर बने मेरे शो को अभी ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला है।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैं इस सम्मान से अभिभूत हूं और बहुत आभारी हूं। ऐसी मुश्किलों से बाहर निकलने के लिए सिर्फ आपकी अपनी लड़ाई ही काफी नहीं होती, बल्कि आपके साथ खड़ी पूरी टीम भी जरूरी होती है। मेरा परिवार, मेरे दोस्त और मेरे फैंस सबसे बेहतरीन हैं। नेटफ्लिक्स पर मेरे इस शो को इतना प्यार और समर्थन देने के लिए आप सभी का शुक्रिया।''
जेफ ने अपने खास मजाकिया अंदाज में आगे कहा, ''अब क्या कहूं? जीतने वाली ऊर्जा है। ग्रैमी नॉमिनेशन मिल गया है। अब आगे जो भी होगा, देखा जाएगा।''
इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ''आज मैंने दो बार किस्मत को मात दी। मुझे ग्रैमी के लिए नॉमिनेशन मिला है और मैं कैंसर मुक्त हूं। लगता है कि मुझे मारना, मेरी कॉमेडी सुनने से भी ज्यादा मुश्किल है।''
--आईएएनएस
पीके/पीएम