नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2025-26 में भारत का बागवानी उत्पादन बढ़कर रिकॉर्ड 3,869.15 लाख टन रहने का अनुमान है। यह पिछले वर्ष के 3,707.38 लाख टन के मुकाबले 4.36 प्रतिशत अधिक है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी बयान में चौहान के हवाले से कहा गया कि उत्पादन में यह वृद्धि किसानों की कड़ी मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की नीतियों के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है।
मंत्री ने कहा कि तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार उत्पादन में वृद्धि से देश की पोषण सुरक्षा मजबूत होगी और बागवानी क्षेत्र से जुड़े किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
चौहान ने कहा कि भारतीय कृषि में महत्वपूर्ण विविधीकरण देखने को मिल रहा है। किसान अब तेजी से पारंपरिक फसलों से आगे बढ़कर फल, सब्जियां, फूल, मसाले, काजू, नारियल और कोको जैसी बागान फसलों के साथ-साथ सुगंधित और औषधीय पौधों की खेती की ओर रुख कर रहे हैं।
व्यावसायिक और अधिक मूल्य वाली फसलों के प्रति बढ़ती रुचि किसानों के लिए आय के नए रास्ते खोल रही है। साथ ही इससे कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और विकास के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बागवानी के तहत खेती का रकबा घटने के बावजूद उत्पादन में वृद्धि को रेखांकित किया। वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल रकबा लगभग 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि 2024-25 में यह 301.36 लाख हेक्टेयर था।
खेती के रकबे में कमी के बावजूद फल, सब्जियों, फूलों, बागान फसलों और सुगंधित एवं औषधीय पौधों के उत्पादन में वृद्धि का अनुमान है।
बयान के अनुसार, केले, आम, पपीते, सेब, अनार और कटहल के अधिक उत्पादन के चलते फलों का उत्पादन 2024-25 के 1,176.49 लाख टन से 4.60 प्रतिशत बढ़कर 1,230.66 लाख टन होने का अनुमान है।
सब्जियों का उत्पादन 4.35 प्रतिशत बढ़कर 2,272.68 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं, सब्जियों की खेती का रकबा 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने की संभावना है। आलू, टमाटर, बैंगन, लौकी, खीरा, पत्तागोभी, बीन्स और मटर के अधिक उत्पादन से इस वृद्धि को गति मिलने की उम्मीद है।
तीसरे अग्रिम अनुमान में सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको सहित बागान फसलों के रकबे और उत्पादन, दोनों में वृद्धि के संकेत मिले हैं। इनका कुल उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन रहने का अनुमान है।
सुगंधित और औषधीय पौधों का उत्पादन भी 9.01 लाख टन से बढ़कर 9.28 लाख टन होने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एबीएस