शो के सेट पर नहीं जाते इम्तियाज अली, बोले- 'डायरेक्टर के काम में दखल देना पसंद नहीं'

शो के सेट पर नहीं जाते शो रनर इम्तियाज अली, बोले- 'डायरेक्टर के काम में दखल देना पसंद नहीं'

मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर इम्तियाज अली इन दिनों अपनी आने वाली वेब सीरीज 'ओ साथी रे' को लेकर चर्चा में हैं। इस सीरीज में अविनाश तिवारी, अदिति राव हैदरी और अर्जुन रामपाल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इम्तियाज इस सीरीज के शो रनर हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी उनके भाई आरिफ अली ने संभाली है।

हाल ही में इम्तियाज ने बताया कि शो रनर होने के बावजूद वह आमतौर पर शूटिंग के सेट पर नहीं जाते। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके अंदर एक निर्देशक की सोच है और वह नहीं चाहते कि उनके सेट पर जाने से दूसरे निर्देशक के काम में किसी तरह की दखलअंदाजी हो।

इम्तियाज अली ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान सीरीज और इसकी कास्टिंग को लेकर बातें की। उन्होंने अविनाश तिवारी, अदिति राव हैदरी, अर्जुन रामपाल और अपने भाई आरिफ अली, इन चारों को सीरीज के चार मजबूत खिलाड़ी बताया।

उन्होंने कहा कि इन सभी कलाकारों का एक साथ आना उनके लिए काफी अच्छी बात रही।

सीरीज की कास्टिंग पर बात करते हुए इम्तियाज ने अर्जुन रामपाल की खास तौर पर तारीफ की। उन्होंने कहा, ''अर्जुन इस बार एक अलग और दिलचस्प भूमिका में नजर आएंगे। दर्शकों ने लंबे समय से उनको इस अंदाज में नहीं देखा है। अर्जुन को हर बार किसी नए काम में देखकर मुझे हैरानी होती है। उनके अंदर एक नेचुलर अभिनेता वाली खूबी है। शुरुआत में मुझे अर्जुन की इस अभिनय क्षमता का अंदाजा नहीं था, लेकिन अब मैं उनके काम से काफी प्रभावित हूं।''

शो रनर के तौर पर सेट से दूर रहने की अपनी आदत के बारे में इम्तियाज ने कहा, ''मैं किसी दूसरे निर्देशक के काम में दखलअंदाजी नहीं करना चाहता। जब किसी निर्देशक को शो की जिम्मेदारी दी गई है तो उसे अपने तरीके से काम करने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए। यही वजह है कि मैं आमतौर पर शो की शूटिंग देखने सेट पर नहीं जाता था।''

उन्होंने कहा, '''ओ साथी रे' की कहानी प्यार के अलग-अलग रंगों और रिश्तों में आने वाले उतार-चढ़ाव के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें ऐसे किरदारों की जिंदगी दिखाई जाएगी, जो प्यार के साथ आने वाली मुश्किलों और रिश्तों में पैदा होने वाले असंतुलन से गुजरते हैं।''

सीरीज को इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसका प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर होगा।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम