चेन्नई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण भारत में मौजूद आईफोन के पार्ट्स बनाने वाली टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में रखरखाव संबंधी कार्य के दौरान तीन कर्मचारियों की मौत के बाद एप्पल हादसे की जांच कर रहा है। यह जानकारी रिपोर्ट्स में दी गई।
यह हादसा तमिलनाडु में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की सुविधा में एक एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) में हुआ। यहां एप्पल के आईफोन की सप्लाई चेन में इस्तेमाल होने वाले पुर्जे बनाए जाते हैं।
रखरखाव का काम करते समय जहरीली गैसों के संपर्क में आने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई।
रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना के बाद एप्पल की एक टीम ने मौके का दौरा किया, ताकि मौतों से जुड़ी परिस्थितियों का आकलन किया जा सके।
हालांकि, प्लांट में उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि यह हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री त्योहारों की छुट्टियों के कारण बंद थी।
इसके अलावा, जिला प्रशासन ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, स्थानीय अधिकारी यह भी जांच रहे हैं कि क्या रखरखाव के काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
एक कर्मचारी ट्रीटमेंट टैंक के अंदर देखने के दौरान गैस की चपेट में आ गया और बेहोश हो गया।
इसके बाद, उसकी मदद करने के लिए दो अन्य कर्मचारी टैंक के अंदर गए, लेकिन वे भी बेहोश हो गए। इन कर्मचारियों को बाहर निकालकर होसुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चलता है कि मौत जहरीली गैस के कारण हुई हो सकती है, हालांकि मौत का असली कारण अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
एक अन्य घटनाक्रम में, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स को निर्देश दिया गया है कि वह एफ्लुएंट ट्रीटमेंट फैसिलिटी के रखरखाव के लिए जिम्मेदार एजेंसियों के सुरक्षा और प्रदर्शन मानकों की व्यापक समीक्षा करे।
तमिलनाडु के उद्योग मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "हर कर्मचारी की सुरक्षा और सम्मान सबसे ऊपर होना चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना की गहन जांच की जाएगी और जांच के नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स भारत में एप्पल के एक प्रमुख सप्लायर के रूप में उभरा है और कंपनी के स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम में एक बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
--आईएएनएस
एबीएस