नागपुर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके भारत और प्रधानमंत्री मोदी को लेकर दिए गए बयानों की आलोचना की। नागपुर में आयोजित ऑरेंज सिटी लिटरेचर फेस्टिवल में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचीं हेमा मालिनी ने राहुल गांधी पर देश की छवि खराब करने और लगातार प्रधानमंत्री मोदी व केंद्र सरकार को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी बीजेपी की जीत का भरोसा जताया। हेमा मालिनी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार योगी आदित्यनाथ की सरकार बनेगी।
राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए हेमा मालिनी ने कहा, ''राहुल गांधी हमेशा हमारे देश को हमेशा नीचा दिखाने में ही लगे हुए हैं। हर वक्त वह ऐसी ही बात करते हैं कि हमारा देश बहुत ही खराब स्थिति में है, जबकि हमारा देश एकदम बढ़िया स्थिति में है। ये बात जनता अच्छे से जानती है। लेकिन वह बार-बार पीएम मोदी और मोदी सरकार को नीचा दिखाने में लगे रहते हैं। वह हमेशा ऐसी ही बात करते रहेंगे, ये बात हम सब जानते हैं।''
वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर सवाल पूछे जाने पर हेमा मालिनी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' 10 नवंबर को लॉन्च हुई थी। किताब को लेकर बीजेपी नेताओं की ओर से कई मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं, जबकि राहुल गांधी ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेताओं की टिप्पणियों पर तंज कसा था।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर हेमा मालिनी ने कहा कि हाल ही में पार्टी की एक बड़ी बैठक हुई थी, जिसमें करीब 50 वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक में आने वाले चुनाव की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा, ''हाल ही में पार्टी की बहुत बड़ी बैठक हुई थी। इस बैठक में करीब 50 वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। बैठक काफी अच्छी रही। आने वाले चुनाव में क्या-क्या करना है, कैसे भाग लेना है, इन विषयों पर चर्चा की गई है। मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भी योगी सरकार बनेगी।''
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने अपने दम पर 255 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगी दलों को मिलाकर एनडीए की सीटों की संख्या 273 रही थी। समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें हासिल की थीं। इस चुनाव के बाद योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। मौजूदा उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 को समाप्त हो रहा है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम