चंडीगढ़, 30 सितंबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक खास मौका सामने आया है। सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), चंडीगढ़ ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 74 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर रिक्तियों की घोषणा की है।
जीएमसीएच-चंडीगढ़ की ओर से अपने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 74 पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें एनाटॉमी में 3, बायोकेमिस्ट्री में 4, कार्डियोलॉजी में 5, कम्युनिटी मेडिसिन में 1, सीटीवीएस में 6, एंडोक्राइनोलॉजी में 1, इमरजेंसी मेडिसिन में 4, फोरेंसिक मेडिसिन में 1, जनरल मेडिसिन में 3, जनरल सर्जरी में 18, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में 1, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में 1, न्यूरोलॉजी में 2, न्यूरो सर्जरी में 3, न्यूक्लियर मेडिसिन में 2, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी में 4, फार्माकोलॉजी में 1, प्लास्टिक सर्जरी में 1, पल्मोनरी क्रिटिकल केयर और स्लीप मेडिसिन में 1, रेडियो डायग्नोसिस में 3, टीबी और रेस्पिरेटरी बीमारियों में 4, यूरोलॉजी में 3 और सीएमओ/जनरल मेडिसिन (कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर्स) में 2 पद शामिल हैं।
सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित स्पेशलिटी में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल डिग्री (जैसे एमडी/एमएस/डीएनबी/एमसीएच/डीएम) या इसके बराबर की डिग्री, जिसे एमसीआई से मान्यता प्राप्त हो और जो मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया या स्टेट मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड हो, होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख यानी 5 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान अपने वर्ग के अनुसार करना होगा, जो जनरल के लिए 500 रुपए और एससी के लिए 250 रुपए तय किया गया है।
वॉक-इन-इंटरव्यू 5 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 'डायरेक्टर प्रिंसिपल (कमरा नंबर-210) के कार्यालय में, लेवल-2 ब्लॉक-डी, जीएमसीएच, चंडीगढ़' पते पर आयोजित की जाएगी। वहीं, उम्मीदवारों के केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 11 बजे तय किया गया है। ऐसे में जो पात्र अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इंटरव्यू से पहले उसी दिन केंद्र पर अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जीएमसीएच-चंडीगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और इंटरव्यू के दिन याद से केंद्र पर अपने साथ ले जाएं।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम