नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई), बेंगलुरु की मेडिकल टीम से फिटनेस मंजूरी मिल गई है और अब वह न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना होने वाले हैं।
'आईएएनएस' को मिली जानकारी के अनुसार, 1 और 2 नवंबर को प्रसिद्ध का 'मैच-सिमुलेशन' सेशन (मैच जैसी परिस्थितियों में अभ्यास) कराया गया था, जिसके बाद उन्हें फिटनेस क्लीयरेंस मिल गई।
एक सूत्र ने मंगलवार को 'आईएएनएस' को बताया, "फिट होने के बाद, प्रसिद्ध कृष्णा को आज रात या कल सुबह न्यूजीलैंड के लिए निकलना था, लेकिन वह समय पर न्यूजीलैंड पहुंचने के लिए पहले ही भारत से रवाना हो चुके हैं।"
प्रसिद्ध अब 7 नवंबर से लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ होने वाले तीसरे रेड-बॉल (टेस्ट प्रारूप) मैच में 'इंडिया ए' की तरफ से खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इस लंबे कद के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मुकाबलों की वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मैचों से बाहर रखा गया था। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उनकी हैमस्ट्रिंग की चोट को ठीक होने के लिए और समय मिल सके और वे बाद में होने वाले दो टेस्ट मुकाबलों के लिए अपनी गेंदबाजी का भार बढ़ा सकें।
प्रसिद्ध को मिली यह क्लीयरेंस भारतीय टीम के लिए एक बड़ी राहत है, जो इस समय तेज गेंदबाजों की कमी से जूझ रही है। प्रसिद्ध को 30 सितंबर को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में गेंदबाजी करते समय हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। वहीं, जसप्रीत बुमराह को पूरी वनडे सीरीज से आराम दिया गया है, ताकि वे वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में होने वाले दोनों टेस्ट मैचों के लिए तैयार रह सकें।
सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित राणा भी बाएं पैर की जांघ (क्वाड्रिसेप्स) में खिंचाव के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। वे इस महीने के आखिर में दोहा में होने वाले 'राइजिंग स्टार्स एशिया कप' में 'इंडिया ए' के मैचों के जरिए वापसी करेंगे।
उम्मीद है कि मोहम्मद सिराज पहले तीन वनडे मुकाबलों के बाद टीम से अलग हो जाएंगे ताकि वे दो टेस्ट मैचों की तैयारी कर सकें। ऐसे में, 'ब्लैक कैप्स' (न्यूजीलैंड) के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैचों में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की कमान अर्शदीप सिंह संभालेंगे, जिनके साथ टीम में कुछ नए और युवा गेंदबाज होंगे। अर्शदीप ने 18 वनडे मैच खेले हैं, जबकि गुरनूर बराड़, अंशुल कंबोज, आकिब नबी और यश ठाकुर के पास कुल मिलाकर सिर्फ 11 मैचों का अनुभव है।
'इंडिया ए' के लिए खेलने से प्रसिद्ध को न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में कुछ उपयोगी ओवर मिल सकेंगे। यह टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले उनके लिए अच्छा रहेगा, क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रेस में भारत के लिए ये टेस्ट मैच बहुत अहम हैं। स्टैंडिंग में भारत चौथे नंबर पर है; उससे आगे न्यूजीलैंड, मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया हैं।
--आईएएनएस
आरएसजएसजी