फीफा वर्ल्ड कप: नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को 3-1 से हराया, नॉकआउट स्टेज में बनाई जगह

फीफा वर्ल्ड कप: नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को 3-1 से हराया, नॉकआउट स्टेज में बनाई जगह

कैनसस सिटी, 26 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप एफ मुकाबले में नीदरलैंड्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्यूनीशिया को 3-1 से हराया। इस जीत के साथ ही नीदरलैंड्स ने ग्रुप एफ में पहले स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह बनाई है।

नीदरलैंड्स ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मैच के तीसरे ही मिनट में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। नीदरलैंड्स को यह गोल ट्यूनीशिया की तरफ से तोहफे में मिला। ट्यूनीशिया के कप्तान एलीस स्कीरी डेनजेल डमफ्रीज के क्रॉस को रोकने की कोशिश में गेंद को अपने ही गोल पोस्ट में मार बैठे। इसके बाद मुकाबले के सातवें मिनट में ब्रायन ब्रॉबी ने टीम की बढ़त को जल्द ही 2-0 कर दिया। ब्रॉबी का यह विश्व कप का तीसरा गोल रहा। 58 वर्ल्ड कप मैचों में यह पहला मौका रहा, जब नीदरलैंड्स ने किसी मैच के शुरुआती सात मिनट में दो गोल किए।

वर्जिल वैन डाइक की फ्री किक ब्रॉबी ने शानदार हेडर की मदद से गोल में तब्दील किया। पहले हाफ में ट्यूनीशिया ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन टीम नीदरलैंड्स के डिफेंस को नहीं भेद सकी। इस्माइल गार्बी को गोल करने का शानदार मौका मिला, लेकिन उनका शॉट गोल पोस्ट से बाहर चला गया।

हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत में ही ट्यूनीशिया ने गोल करते हुए मैच में वापसी की। हैनिबल मेजबरी के कॉर्नर पर हेजम मस्तूरी ने बेहतरीन हेडर के साथ स्कोर को 2-1 किया। मगर नीदरलैंड्स ने मैच का तीसरा गोल दागते हुए एक बार फिर अपनी बढ़त को बढ़ा लिया। जान पॉल वैन हेके ने मैच के 62वें मिनट में नीदरलैंड्स की ओर से तीसरा गोल किया।

नीदरलैंड्स ने इसके बाद अपने डिफेंस को मजबूत बनाए रखा और ट्यूनीशिया को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। नीदरलैंड्स ग्रुप एफ में 3 मुकाबलों में 7 प्वाइंट के साथ टॉप पर रही, जबकि ट्यूनीशिया पहले ही नॉकआउट स्टेज की रेस से बाहर हो चुकी है। राउंड ऑफ 32 में नीदरलैंड्स की भिड़ंत 30 जून को मोरक्को के साथ होगी।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम