वैंकूवर, 19 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की सह-मेजबान कनाडा ने घरेलू फैंस के सामने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम पर कनाडा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कतर को एकतरफा अंदाज में 6-0 से रौंदा। यह कनाडा की फीफा विश्व कप के इतिहास की पहली जीत भी है।
कनाडा की इस जीत के नायक जोनाथन डेविड रहे, जिन्होंने मैच में तीन गोल दागे। मैच की शुरुआत से ही कनाडा ने आक्रामक खेल दिखाया। 16वें मिनट में साइल लारिन ने कनाडा की ओर से पहला गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 29वें मिनट में जोनाथन डेविड ने शानदार गोल कर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। पहले हाफ में कनाडा ने कतर पर पूरी तरह दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में डेविड ने कनाडा के लिए मैच का तीसरा गोल किया और कतर को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया।
कनाडा के लिए दूसरे हाफ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के मिडफील्डर इस्माइल कोन कतर के खिलाड़ी असिम मदीबो के टैकल के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए। दर्द से कराह रहे कोन को स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। वीडियो रिव्यू (वीएआर) के बाद मदीबो का येलो कार्ड रेड कार्ड में बदल दिया गया और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद कतर की मुश्किलें और बढ़ गईं। एक खिलाड़ी की कमी कतर को साफतौर पर खली, जिसका भरपूर फायदा कनाडा ने उठाया। इस्माइल कोन की जगह पर मैदान पर उतरे नाथन सलीबा ने 64वें मिनट में शानदार गोल दागकर कनाडा की बढ़त को 4-0 कर दिया।
इसके बाद इसके बाद सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर आए जैकब शैफेलबर्ग के शॉट को कतर के डिफेंडर मोहम्मद मनाई ने गलती से अपने ही गोल में पहुंचा दिया और कनाडा ने मैच में 5-0 की बड़ी बढ़त बना ली। मैच के स्टॉपेज टाइम में जोनाथन डेविड ने अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए कनाडा के लिए छठा गोल दागा।
कतर की टीम काफी प्रयास करने के बावजूद पूरे मैच में कनाडा के डिफेंस को भेदने में नाकाम रही। इस जीत के साथ ही कनाडा के 4 अंक हो गए हैं और टीम ने नॉकआउट स्टेज की तरफ तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं। टीम को ग्रुप बी में शीर्ष पर रहने के लिए अगले मुकाबले में स्विट्जरलैंड के खिलाफ सिर्फ ड्रॉ खेलना होगा।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी