ईएसआईसी झारखंड में स्पेशलिस्ट पदों पर वैकेंसी, वॉक-इन इंटरव्यू 6 जुलाई को

67 वर्ष तक के उम्मीदवारों के पास मौका: ईएसआईसी-झारखंड में स्पेशलिस्ट पदों पर वैकेंसी, 6 जुलाई को वॉक-इन इंटरव्यू

रांची, 4 जुलाई (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) झारखंड ने अपना अस्पताल आदित्यपुर (आशियाना के पास, साल्डीह बस्ती, आदित्यपुर) के विभिन्न विभागों में संविदा के आधार पर स्पेशलिस्ट (पार्ट-टाइम/फुल-टाइम) के कुल 13 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ईएसआईसी ने जिन विभागों में स्पेशलिस्ट के 13 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है, उनमें एनेस्थिसियोलॉजी के 2, बायोकेमिस्ट्री, छाती, त्वचाविज्ञान, ईएनटी, आंख, प्रसूति एवं शल्य चिकित्सा, बाल रोग, रेडियोलॉजी, मनोचिकित्सा, सूक्ष्मजीवविज्ञान और दुर्घटना एवं आपातकालीन विभाग का 1-1 पद शामिल है।

इन सभी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी जूनियर स्पेशलिस्ट के लिए 67,700 रुपए, सीनियर स्पेशलिस्ट के लिए 78,800 रुपए, पार्ट-टाइम कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट के लिए 60,000 रुपए (निश्चित पारिश्रमिक- 16 घंटे/सप्ताह के लिए) और 15,000 रुपए (आपातकालीन कॉल के मामले में विजिटिंग चार्ज) होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित स्पेशलिटी में पीजी डिग्री/डिप्लोमा और मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। वहीं, एक्सीडेंट और इमरजेंसी के लिए इमरजेंसी मेडिसिन में पीजी या मेडिसिन/सर्जरी/एनेस्थीसिया/ऑर्थोपेडिक्स में पीजी/डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास पीजी डिग्री प्राप्त करने के बाद 3 वर्ष का अनुभव या पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद संबंधित स्पेशलिटी में कम से कम 5 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 67 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।

इंटरव्यू 6 जुलाई को 'चिकित्सा अधीक्षक का कार्यालय, ईएसआईसी अस्पताल आदित्यपुर, सालडीह बस्ती आदित्यपुर, जिला- सरायकेला खरसावां, झारखंड - 831013' पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे से 10.30 बजे के बीच तय किया गया है। इस दौरान उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया किया जाएगा। साक्षात्कार सुबह 11 बजे से शुरू होंगी।

ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्ल की मूल और फोटो कॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

केंद्र पर इंटरव्यू के लिए रजिस्ट्रेशन कराते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ईडब्लूएस/ओबीसी के लिए 400 रुपए और एससी/एसटी के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं और पीडल्ब्यूएस श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से साक्षात्कार के दिन केंद्र पर ले जाएं।

--आईएएनएस

डीके/वीसी