नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 को अक्सर बल्लेबाजों का खेल माना जाता है, लेकिन कई गेंदबाजों ने अपनी काबिलीयत के दम पर न सिर्फ अपनी दमदार पहचान बनाई है, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य रहीं एकता बिष्ट के नाम भी एक ऐसा ही रिकॉर्ड है।
8 फरवरी 1986 को अल्मोड़ा, उत्तराखंड में जन्म लेने वाली एकता बिष्ट ने 6 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उस समय उत्तराखंड में महिलाओं के लिए क्रिकेट खेलना असामान्य था। इसलिए एकता लड़कों के साथ खेला करती थीं।
घरेलू क्रिकेट में उत्तरप्रदेश महिला क्रिकेट टीम की तरफ से खेलने वाली एकता ने 23 जून 2011 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। 23 जुलाई 2011 को ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और अगस्त 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने टेस्ट में डेब्यू किया था।
3 अक्टूबर 2012 का दिन एकता बिष्ट के करियर के लिए ऐतिहासिक था। श्रीलंका के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप के दौरान इस दिन खेले गए मैच में एकता ने हैट्रिक विकेट लिया था। वह भारत की तरफ से (महिला या पुरुष) अंतरराष्ट्रीय टी20 में हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज हैं। पुरुष टीम के लिए पहली टी20 हैट्रिक दीपक चाहर ने 10 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ ली थी।
2017 में वनडे विश्व कप का फाइनल खेलने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य रहीं बाएं हाथ की स्पिनर एकता ने एकमात्र टेस्ट में 3, 63 वनडे में 98 और 42 टी20 में 53 विकेट लिए हैं। 2017 विश्व कप में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट लेकर भारत को मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। महिला प्रीमियर लीग 2024 में आरसीबी ने उन्हें साइन किया था।
40 साल की होने जा रही एकता बिष्ट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से आधिकारिक तौर पर संन्यास नहीं लिया है, लेकिन 18 फरवरी 2022 के बाद उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। पिछले कुछ वर्षों से वह लीग क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं।
--आईएएनएस
पीएके