नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एजुकेशनल कंसल्टेंट्स इंडिया (एडसिल) ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) प्रोजेक्ट के तहत पीएमयू के लिए कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए विभिन्न 13 पदों पर रिक्तियों की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।
एडसिल की ओर से जारी 13 रिक्तियों में आर्किटेक्ट का 1, सीनियर इंजीनियर (सिविल) का 1, इंजीनियर (सिविल) के 2, जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 6, ऑटो-कैड/रेविट ऑपरेटर (जिन्हें अन्य 3डी डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर की भी जानकारी हो) का 1, और यंग प्रोफेशनल (डेटा मैनेजमेंट और वेब मॉनिटरिंग) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 2 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एडसिल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार बीआर्क (बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर) की डिग्री और काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (सीओए) में रजिस्ट्रेशन; सिविल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक; सिविल इंजीनियरिंग में 2/3 वर्ष का डिप्लोमा या बीई/बीटेक; सिविल इंजीनियरिंग/आर्किटेक्चरल असिस्टेंटशिप में 2/3 वर्ष का डिप्लोमा या आईटीआई ड्राफ्टिंग सर्टिफिकेशन के साथ ऑटो-कैड और रेविट/3डी मैक्स का सर्टिफ़ाइड कोर्स; बीटेक सीएस/आईटी)/बीसीए/बीएससी (आईटी), जिसमें स्टैटिस्टिक्स/डेटा एनालिटिक्स का मजबूत बैकग्राउंड हो, होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 10 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 35 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 31 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक/व्यावसायिक योग्यताएं और संबंधित अनुभव की जांच, इंटरव्यू, कौशल परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 35,000 से 1,00,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीके/पीएम