नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में मंगलवार को न्यू दिल्ली टाइगर्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच रोमांचक मुकाबला 'सुपर ओवर' तक पहुंचा, जिसमें आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने जीत हासिल की। बल्ले के साथ शानदार प्रदर्शन के चलते मोनू शुक्ला को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 15 ओवरों के खेल में 5 विकेट गंवाकर 156 रन बनाए। तनुज पंवार ने लक्ष्य थरेजा के साथ पहले विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी की। तनुज 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद शिवम गुप्ता (5) के साथ लक्ष्य दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 14 रन ही जुटा सके।
इस टीम ने महज 37 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इस बीच बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू हुआ, तो लक्ष्य ने कप्तान हिम्मत सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 101 रन की शानदार साझेदारी करते हुए टीम को 138 के स्कोर तक पहुंचाया।
हिम्मत सिंह ने 25 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 61 रन की पारी खेली, जबकि लक्ष्य 41 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 62 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी टीम से कप्तान सिद्धांत शर्मा ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि नवदीप सैनी, प्रथम सलूजा और शिवम शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में आउटर दिल्ली वॉरियर्स 15 ओवरों की समाप्ति तक 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। टीम ने महज 6 के स्कोर पर प्रियांश आर्य (1) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद यजस शर्मा (52) ने अक्षय सैनी (4) के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।
आलम ये रहा कि टीम ने 80 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे। यहां से मोनू शुक्ला ने हर्ष त्यागी के साथ छठे विकेट के लिए 22 गेंदों में 51 रन जुटाकर स्कोर 131 तक पहुंचाया। मोनू 17 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद शिवम शर्मा ने 9 गेंदों में 21 रन की नाबाद पारी खेली। इस टीम को अंतिम दो गेंदों पर महज 1 रन की दरकार थी, लेकिन आखिरी दो गेंदों पर टीम ने विकेट गंवा दिए।
न्यू दिल्ली टाइगर्स के लिए मनीष सेहरावत ने 18 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि ऋतिक शौकीन, प्रद्युमन सनन और ऋषभ शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
सुपर ओवर में, आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 20 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया, जिसमें मोनू शुक्ला ने एक बार फिर जबरदस्त पारी खेलकर टीम को आगे बढ़ाया। उन्होंने सुपर ओवर में 5 गेंदों का सामना करते हुए सभी 20 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के शामिल थे।
21 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स ने शानदार शुरुआत की। हिम्मत सिंह ने पहली ही गेंद पर जबरदस्त छक्का जड़ दिया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए, जिससे उनकी टीम को शेष चार गेंदों में 15 रनों की जरूरत पड़ गई। अगली ही गेंद पर ऋतिक शौकीन ने गेंद को हवा में उछाल दिया और विकेटकीपर ने कैच लपक लिया, जिससे पूरी टीम आउट हो गई।
--आईएएनएस
आरएसजी