नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला प्रमुख विभाग, कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, डीओपीटी ने केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (सीएटी) में प्रशासनिक सदस्यों (एडमिनिस्ट्रेटिव मेंबर) के कुल 4 पदों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
प्रशासनिक सदस्यों के इन पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर की शाम 5.30 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भारत सरकार में अपर सचिव के पद पर या केंद्र सरकार या राज्य सरकार के अधीन कोई अन्य समतुल्य पद, जिसका वेतन भारत सरकार के अपर सचिव के वेतन से कम न हो, पर होने चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन सर्च-कम-सिलेक्शन कमिटी द्वारा जांच और शॉर्टलिस्टिंग तथा फिर व्यक्तिगत बातचीत के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स का वेतन 2,25,000 रुपए (निश्चित) प्रति माह होगा। इसके अतिरिक्त, कर्मचारियों को उसी वेतन स्तर वाले ग्रुप 'ए' अधिकारी को मिलने वाले भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीओपीटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'सचिव, कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग, कर्तव्य भवन - 3, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य पथ, नई दिल्ली - 110001' पते पर डाक या अन्य माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचा दें।
अभ्यर्थी ध्यान दें कि डीओपीटी की ओर से प्रशासनिक सदस्यों के पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति पांच वर्ष के लिए होगी या तब तक जब तक कि वे 67 वर्ष की आयु प्राप्त न कर लें, इनमें से जो भी पहले हो।
--आईएएनएस
डीके/पीएम