दूसरा टेस्ट : आमिर जांगू बने 'संकटमोचक', शुरुआती झटकों के बाद बांग्लादेश के खिलाफ वेस्टइंडीज ने की शानदार वापसी

दूसरा टेस्ट: आमिर जांगू बने 'संकटमोचक', शुरुआती झटकों के बाद बांग्लादेश के खिलाफ वेस्टइंडीज ने की शानदार वापसी

सिलहट, 5 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर 235 रन बना लिए हैं।

टॉस जीतकर वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, कैरेबियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ब्रैंडन किंग महज 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जोशुआ डी सिल्वा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 12 रन बनाकर आउट हुए। केवम हॉज को भी हसन महमूद ने सिर्फ एक रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा।

27 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी वेस्टइंडीज की पारी को आमिर जांगू और केविन विकहम ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 249 गेंदों में 131 रनों की अहम साझेदारी निभाई। विकहम बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया।

23 वर्षीय विकहम 5 चौकों की मदद से 61 रन बनाने के बाद आउट हुए। हालांकि, आमिर जांगू एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने शानदार शतक लगाया।

जांगू 171 गेंदों का सामना करने के बाद 111 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। अपनी इस शतकीय पारी में अब तक जांगू 11 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं। उनका साथ जस्टिन ग्रीव्स निभा रहे हैं, जो पहले दिन का खेल खत्म होने तक 35 रन बनाकर नाबाद हैं। ग्रीव्स अपनी पारी में 3 चौके लगा चुके हैं। बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में हसन महमूद और तस्कीन अहमद ने दो-दो विकेट चटकाए।

दो मैचों की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज 1-0 से आगे है। पहले टेस्ट मैच में मेहमान टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ढाका में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया था। पहली पारी में बांग्लादेश ने 272 रन बनाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 245 रन ही बना सकी थी। हालांकि, दूसरी पारी में कैरेबियाई टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और बांग्लादेश की पूरी टीम को 142 रनों पर समेटा। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम 170 रनों के लक्ष्य को आसानी से 2 विकेट खोकर हासिल करने में सफल रही थी।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम