डीएमआरसी भर्ती 2026 : सुपरवाइजर सहित 73 पदों पर आवेदन जारी, जानें कौन पात्र

डीएमआरसी भर्ती 2026: सुपरवाइजर सहित 73 पदों पर आवेदन जारी, जानें कौन पात्र

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) में नौकरी करना हजारों लोगों का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर सामने आई है।

दरअसल, डीएमआरसी ने जयपुर फेज-II प्रोजेक्ट/दिल्ली के लिए प्रतिनियुक्ति/सेवानिवृत्ति-पश्चात संविदात्मक नियुक्ति (पीआरसीई) के आधार पर एग्जीक्यूटिव और नॉन-एग्जीक्यूटिव के विभिन्न 73 पदों पर रिक्तियों की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।

डीएमआरसी की ओर से जारी 73 रिक्तियों में सुपरवाइजर (आर्किटेक्चर) के 2, इंजीनियर (आर्किटेक्चर) का 1, सीनियर इंजीनियर (आर्किटेक्चर) का 1, सुपरवाइजर (सिविल)/(ट्रैक) के 42, इंजीनियर (सिविल)/(ट्रैक) और सीनियर इंजीनियर (सिविल)/(ट्रैक) के 12, सुपरवाइजर (सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन) के 7, इंजीनियर (सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन) और सीनियर इंजीनियर (सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन) के 4, सुपरवाइजर (पर्यावरण) के 3, इंजीनियर (पर्यावरण) और सीनियर इंजीनियर (पर्यावरण) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल)/ऑफलाइन (डाक) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास पद से संबंधित क्षेत्र के अनुसार 3 से 5 वर्षों का काम करने का अनुभव होना जरूरी है। आवेदकों की अधिकतम आयु प्रतिनियुक्ति के लिए 55 वर्ष और सेवानिवृत्ति के बाद संविदात्मक नियुक्ति (पीआरसीई) के लिए न्यूनतम 55 वर्ष और अधिकतम 62 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार (प्रतिनियुक्ति के लिए), व्यक्तिगत साक्षात्कार और चिकित्सा फिटनेस जांच (पीआरसीई के लिए) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 37,000 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को या तो स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें या एक लिफाफे में डालकर 'अतिरिक्त महाप्रबंधक/एचआर/पी, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मेट्रो भवन, फायर ब्रिगेड लेन, बाराखंभा रोड, नई दिल्ली' पते पर डाक के माध्यम से तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए डीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम