दिल्ली में ‘चलो यमुना’ के तहत सफाई अभियान, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से की अपील

दिल्ली में ‘चलो यमुना’ के तहत सफाई अभियान, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से की अपील

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से ‘चलो यमुना’ (स्वच्छ यमुना प्रहरी) अभियान के तहत सफाई कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ स्थित हाथी घाट पर यमुना किनारे आयोजित सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नदी को स्वच्छ रखने के लिए आम लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। अभियान में दिल्ली के हजारों युवाओं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभियान में लोगों की भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि यमुना स्वच्छता अभियान के आह्वान पर बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक संगठन आगे आए हैं। दिल्ली में यमुना के पूरे किनारे पर लोग सक्रिय रूप से सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका होना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सफाई अभियान के दौरान नदी किनारे मिले कचरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां देवी-देवताओं के वस्त्र, टूटी हुई मूर्तियां और धार्मिक अनुष्ठानों में इस्तेमाल होने वाली कई वस्तुएं पड़ी थीं। लोग अक्सर पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री और अन्य अवशेष नदी में विसर्जित करने के लिए छोड़ देते हैं, जिससे यमुना प्रदूषित होती है। इसके अलावा, लोग प्लास्टिक और खाद्य पदार्थों के रैपर भी नदी किनारे फेंक देते हैं।

रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे अपनी जीवनशैली में बदलाव लाएं और यह सुनिश्चित करें कि पूजा सामग्री, धार्मिक वस्त्र, टूटी मूर्तियां, प्लास्टिक या किसी अन्य प्रकार का कचरा यमुना में न पहुंचे। उन्होंने कहा कि नदी को स्वच्छ रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यमुना प्रदूषण के कई अन्य कारण हैं, जिन पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। इन समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न संगठनों से भी संपर्क किया गया है। उनके मुताबिक, पिछले एक साल में नालों से लाखों टन गाद निकाली गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के प्रयासों और जनता के सहयोग से धीरे-धीरे यमुना स्वच्छ दिखाई देने लगेगी।

यमुना घाट पर आयोजित सफाई अभियान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने यमुना की सफाई को लेकर पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यमुना के दिल्ली से होकर गुजरने वाले 33 किलोमीटर लंबे हिस्से की सफाई की योजना बनाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने यमुना की सफाई के नाम पर केवल राजनीति की और जनता से नदी को स्वच्छ बनाने के वादे किए, लेकिन इस दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार नहीं की।

मल्होत्रा ने कहा कि पिछली सरकार ने पहले पांच साल में यमुना को साफ करने का वादा पूरा नहीं किया और बाद में अगले पांच साल में सफाई का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से केजरीवाल सरकार को लगभग 2,900 करोड़ रुपये दिए जाने के बावजूद यमुना की सफाई के लिए कोई प्रभावी कार्ययोजना नहीं बनाई गई।

उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए ठोस योजना और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि वे नदी में कचरा डालने से बचें और स्वच्छता अभियान में सहयोग करें।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम