नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार की महत्वपूर्ण योजना 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' महत्वपूर्ण पहल बन रही है। सिर्फ 12 दिन में एक लाख से अधिक 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' जारी किए गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी।
दिल्ली सीएमओ ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शुरू हुई 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना' महिलाओं के सुरक्षित और सुलभ सफर की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बन रही है। दिल्ली सीएमओ ने आगे कहा कि सिर्फ 12 दिनों में 1 लाख से अधि कार्ड जारी होना महिलाओं के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
डीटीसी बसों में महिलाओं को सुविधा सफर के लिए दो हफ्ते पहले 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' का शुभारंभ किया गया। ये एक दिल्ली सरकार की पहल है, जो महिलाओं और ट्रांसजेंडर को डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त और असीमित यात्रा का लाभ देती है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' राष्ट्रीय कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) ढांचे के तहत जारी किया जाता है। यह सिर्फ दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की अनुमति देगा। हालांकि, यह अन्य परिवहन साधनों पर उपयोग के लिए रिचार्ज और टॉप-अप सुविधा प्रदान करेगा। डिजिटल कार्ड प्राप्त करने के लिए आवेदकों को दिल्ली का वास्तविक निवासी होना चाहिए, उनकी आयु 12 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए, और उनके पास वैध प्रमाण होना चाहिए।
इससे पहले, डीटीसी ने दिल्ली में सभी सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों में यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड और महिलाओं ट्रांसजेंडरों के लिए बस यात्रा कार्ड (दोनों एनसीएमसी कार्ड) जारी करने के लिए बैंकों को सूचीबद्ध करने हेतु रुचि पत्र (ईओआई) जारी किया था।
इस नए एनसीएमसी कार्ड का उपयोग अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के अलावा, पीओएस/ईटीआईएम का उपयोग करते हुए एनसीएमसी अनुपालक एएफसीएस परियोजना में किया जा सकता है। स्मार्ट कार्ड जारी करने के लिए बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सूचीबद्ध करने के दौरान डीटीसी ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था पांच वर्षों के लिए होगी।
--आईएएनएस
डीसीएच/