छठमय हुआ बिहार, गंगा घाटों से गांव की गलियों तक उत्साह, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए घाट और सड़कें

छठमय हुआ बिहार, गंगा घाटों से गांव की गलियों तक उत्साह, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए घाट और सड़कें

पटना, 15 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूरा बिहार इन दिनों भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। रविवार शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसको लेकर शहरों से लेकर गांवों तक हर तरफ छठ की छटा दिखाई दे रही है।

पटना के गंगा के तटों से लेकर गांवों की गलियों और शहरों के मोहल्लों तक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। कहीं घरों में पारंपरिक गीतों के बीच व्रती पूजा की तैयारियों में जुटे हैं तो कहीं युवा और सामाजिक संगठन सड़कों की सफाई और घाटों को सजाने में लगे हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से सजी सड़कें, जगमगाते घाट और आकर्षक लाइटिंग लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। श्रद्धा, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का ऐसा संगम है कि पूरा वातावरण छठमय हो गया है।

छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। खासकर राजधानी पटना में गंगा घाटों से लेकर तालाबों तक श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर दानापुर अनुमंडल से लेकर पटना सिटी अनुमंडल तक घाटों को तैयार किया गया है। पटना में 90 गंगा घाटों और 62 स्थायी एवं अस्थायी तालाब घाटों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है।

जिला प्रशासन के स्तर पर कुल 103 गंगा घाटों की तैयारी की गई थी। इनमें दानापुर अनुमंडल में छह, पटना सदर में 37 और पटना सिटी अनुमंडल में लगभग 80 घाट शामिल हैं। हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से 13 घाटों को खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित किया गया है। इन घाटों पर श्रद्धालु छठ पूजा नहीं कर सकेंगे। लोगों को वहां जाने से रोकने के लिए प्रशासन ने घेराबंदी कर दी है और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। गंगा घाटों के अलावा जिला प्रशासन और स्थानीय पूजा समितियों के सहयोग से 62 तालाबों को भी छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को अपने आसपास ही अर्घ्य देने की सुविधा मिल सके।

घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पहुंच मार्ग और अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी घाटों पर मुस्तैद रहेंगी। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एम्स और गंगा किनारे स्थित निजी अस्पतालों में भी बेड सुरक्षित रखे गए हैं।

इस महापर्व की खासियत केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक सहभागिता भी देखने को मिलती है। कई जगहों पर युवा, स्थानीय निवासी और सामाजिक संगठन खुद सड़कों पर उतरकर सफाई कर रहे हैं। पूजा समितियां मोहल्लों और गलियों को सजाने में जुटी हैं। घरों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह श्रद्धालु उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ लोक आस्था, शुद्धता और प्रकृति उपासना का यह चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो जाएगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस