दिल्ली के इस अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट पदों पर निकली भर्ती, 24 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

दिल्ली के इस अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट पदों पर निकली भर्ती, 24 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए यह एक अच्छा मौका है। पंडित मदन मोहन मालवीय हॉस्पिटल (पीएमएमएमएच), नई दिल्ली ने इमरजेंसी एडहॉक (अस्थायी) आधार पर विभिन्न स्पेशलिटी के तहत सीनियर रेजिडेंट के कुल 10 पदों पर भर्ती की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।

पीएमएमएमएच ने जिन स्पेशलिटी के आधार पर सीनियर रेजिडेंट के पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें रेडियोलॉजी में 1, एनेस्थीसिया में 2, माइक्रोबायोलॉजी में 1, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी में 3, मेडिसिन में 1 और सर्जरी में 2 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें वेतन आयोग के अनुसार लेवल-11 के तहत होगी।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त संबंधित स्पेशलिटी में एमबीबीएस के साथ पीजी डिग्री/डिप्लोमा या कोई अन्य समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।

इसके अलावा, कैंडिडेट्स दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड (केवल डीएमसी में दर्ज योग्यता पर ही विचार किया जाएगा) होने चाहिए और उन्होंने तीन वर्ष की सीनियर रेजीडेंसी पूरी न की हो। वहीं, अगर पीजी उम्मीदवार उपलब्ध नहीं है, तो सरकारी या सरकार द्वारा अधिकृत अस्पताल में संबंधित स्पेशलिटी में कम से कम दो वर्ष के अनुभव वाले नॉन-पीजी उम्मीदवार पर विचार किया जाएगा।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना वॉक-इन इंटरव्यू की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू 24 सितंबर को 'सम्मेलन हॉल, तीसरी मंजिल, पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल, मालवीय नगर, नई दिल्ली-17' पते पर आयोजित किए जाएंगे। उम्मीदवारों के लिए केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच तय किया गया है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर रिपोर्ट करने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सुबह 11 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं दी जाएगी।

इसी के साथ उम्मीदवारों को वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने से पहले पीएमएमएमएच की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि किसी भी उम्मीदवार का फिजिकल एप्लीकेशन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम