नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा स्थापित एक विशेष कंपनी सीएससी ई-गवर्नेस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (कॉमन सर्विस सेंटर स्पेशल पर्पस व्हीकल-सीएससी एसपीवी), जो देशभर के ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी) योजना के कामकाज की देखरेख करती है, ने आधार सेवा केंद्र (एएसके) में संविदा के आधार पर एक वर्ष की अवधि के लिए विभिन्न 5 राज्यों में आधार सुपरवाइजर/ऑपरेटर - जिला के कुल 32 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर राज्यवार अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
सीएससी ई-गवर्नेस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड की ओर से जारी 32 रिक्तियों में हरियाणा के 15, मध्य प्रदेश के 2, ओडिशा के 4, राजस्थान के 2 और पंजाब के 9 पद शामिल हैं। हरियाणा के जिन जिलों में भर्ती निकली है, उनमें कुरूक्षेत्र में 2, रेवाड़ी में 2, झज्जर में 2, कैथल में 2, गुरूग्राम में 1, चरखी दादरी में 1, फतेहाबाद में 1, हिसार में 1, सिरसा में 1 और महेंद्रगढ़ में 2 पद शामिल हैं। मध्य प्रदेश के 2 रिक्तियों में छिंदवाड़ा और शहडोल जिले में 1-1 पद हैं। ओडिशा के 4 रिक्तियों में बलांगीर, नयागढ़, नुआपाड़ा और कंधमाल जिले में 1-1 पद शामिल हैं। राजस्थान के कोटा जिले में 2 आधार सुपरवाइजर/ऑपरेटर पद पर भर्ती निकली है। वहीं, पंजाब के 9 रिक्तियों में कपूरथला में 1, पटियाला में 1, एसएएस नगर में 1, तरनतारन में 1, मोगा में 2, फाजिल्का में 2 और फरीदकोट जिले में एक पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरके के इच्छुक उम्मीदवार सीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आधार सुपरवाइजर/ऑपरेटर पोस्ट के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से 12वीं (इंटरमीडिएट/सीनियर सेकेंडरी) या मैट्रिकुलेशन के साथ 2 वर्ष की आईटीआई या मैट्रिकुलेशन के साथ 3 वर्ष का पॉलिटेक्निक डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास यूआईडीएआई (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) द्वारा अधिकृत टेस्टिंग और सर्टिफाइंग एजेंसी से जारी आधार ऑपरेटर/सुपरवाइजर सर्टिफिकेट और कंप्यूटर की बेसिक जानकारी होनी चाहिए। वहीं, आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तय की गई है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम