अहमदाबाद, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के चौथे दिन सिंगापुर ने ऑस्ट्रेलिया को 59-32 से शिकस्त दी, जबकि 'करो या मरो' के मुकाबले में मलेशिया ने तंजानिया को 43-26 से हराया। वहीं, महिलाओं के वर्ग में युगांडा ने मलेशिया को 35-23 से हराया, जबकि बांग्लादेश को श्रीलंका के खिलाफ 20-31 से हार का सामना करना पड़ा।
सोमवार को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिन की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर के बीच मुकाबले के साथ हुई, जिसमें सिंगापुर ने शानदार आक्रामक खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 59-32 से करारी शिकस्त दी। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया अब तक एक भी मैच नहीं जीत सका है और उसे लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
तीन मैचों में दूसरी जीत के साथ सिंगापुर ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। सिंगापुर के लिए आदित सेंथिलकुमार और श्रीराम राजा ने सबसे ज्यादा स्कोर किया; आदित ने 18 और श्रीराम ने 15 अंक हासिल किए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए रूबेन विलियम ने 11 अंक बनाए।
दिन के दूसरे मैच में मलेशिया ने दबाव के बावजूद बेहतरीन प्रदर्शन किया। 'करो या मरो' वाले इस मुकाबले में उन्होंने तंजानिया पर 43-26 से एकतरफा जीत दर्ज की। मलेशिया के लिए आइजैक ऑल्टन एंड्रयू ने 18 रेड में 14 अंक जुटाए। तंजानिया के जुमा सुल्तानी ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और 14 अंकों के साथ अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा स्कोर किया। मलेशिया ने अपनी लगातार तीन हार का सिलसिला तोड़ते हुए टूर्नामेंट में पहली जीत हासिल की।
भारत और श्रीलंका से हारने के बाद, युगांडा ने इंग्लैंड को 47-22 से हराकर जीत की राह पर वापसी की। इंग्लैंड का डिफेंस काफी कमजोर दिखा और वे पूरे मैच में केवल 4 टैकल प्वाइंट्स ही हासिल कर सके। डगलस मुलालिरा ने 11 अंक बनाए और युगांडा की जीत में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड के कप्तान फेलिक्स ली और मिलान कौशल ने भी अच्छा खेल दिखाया और क्रमशः 8 और 6 अंक हासिल किए। ली ने दो बार ऐसी रेड कीं जिनमें एक से ज्यादा अंक मिले, लेकिन इंग्लैंड इस लय को बरकरार नहीं रख सका।
महिला वर्ग में, युगांडा ने मलेशिया को 35-23 से हराया। नकायोंगो शिरात ने 18 प्वाइंट्स के साथ युगांडा के अटैक की कमान संभाली। मलेशिया के लिए दर्शिनी सिंह सबसे बेहतरीन खिलाड़ी रहीं, जिन्होंने 10 प्वाइंट्स स्कोर किए। युगांडा रेड प्वाइंट्स में 19-16 और टैकल प्वाइंट्स में 11-6 से आगे था। उन्होंने दो 'ऑलआउट' पूरे करके चार अतिरिक्त प्वाइंट्स हासिल किए।
इसके बाद श्रीलंका ने बांग्लादेश की महिला टीम को 31-20 से हराया। श्रीलंका ने अपने चार मुकाबलों में तीसरी जीत दर्ज की और आधिकारिक तौर पर टॉप-4 में जगह बना ली। इस जीत में कजेंथिनी और दिलुक्षना ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने क्रमशः नौ और आठ प्वाइंट्स हासिल किए।
--आईएएनएस
आरएसजी