देहरादून, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को नगर निगम द्वारा आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती शोभा यात्रा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव, जिस प्रकार से उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं, यहां कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी गठबंधन में हैं। मुजफ्फरनगर का कांड हो, मसूरी का कांड हो, खटीमा का गोलीकांड हो, तब इनके पिता मुलायम सिंह यादव संयुक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह देश का दुर्भाग्य रहा है कि कांग्रेस ने दशकों तक सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान की बहुत बातें की लेकिन इसके लिए उन्होंने किया कुछ नहीं। कांग्रेस ने वंचित समाज को केवल वोट बैंक समझा। इनका उपयोग केवल वोट के लिए होता रहा है। यह लोग जाति और वर्ग के नाम पर समाज को लगातार बांटते रहे हैं और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकते रहे हैं लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में वंचित समाज के उत्थान के लिए अनेकों काम हो रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार एससी/एसटी वर्ग के छात्रों को कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक छात्रवृति प्रदान कर रही है। इसके अतिरिक्त, इन छात्रों के लिए 15 निशुल्क छात्रावास, 5 आवासीय विद्यालय और 3 आईटीआई भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी की गई है ताकि हमारे युवा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी आगे आ सकें।
सीएम धामी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता आने वाली पीढ़ी को एक सुरक्षित और सशक्त उत्तराखंड सौंपना है। राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अराजकता पर लगाम लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उत्तराखंड में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और शांति तथा सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अटल आवास योजना को पुन: प्रारंभ कर आवासहीन अनुसूचित वर्ग के परिवारों को अपना घर बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये तक की सहायता देने की व्यवस्था की है। वहीं, सामाजिक संचरता को बढ़ावा देने के लिए अंतरजातीय विवाह करने के लिए 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है। एससी/एसटी वर्ग के बेटियों के लिए विहार में 50 हजार रुपये की सहायता राशि भी उनके परिवार को दी जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगे कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक साथ गठबंधन में हैं। इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी केस और देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस की ओर से की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सफाईकर्मियों के योगदान और उनके परिश्रम का सम्मान करते हुए उनके हितों के प्रति संवेदनशील है। इसी दिशा में प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाईकर्मियों के मानदेय में वृद्धि के संबंध में बैठक कर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
--आईएएनएस
डीके/पीएम