गांधीनगर, 19 अगस्त (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात का प्रतिनिधिमंडल सैन फ्रांसिस्को की यात्रा पूर्ण कर 19 अगस्त बुधवार को वॉशिंगटन डीसी जाने के लिए रवाना हो गया।
सीएम भूपेंद्र पटेल तथा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने वॉशिंगटन डीसी जाने से पूर्व सैन फ्रांसिस्को स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल के कार्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर कॉन्सुलेट जनरल डॉ के श्रीकर रेड्डी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का स्वागत किया।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि सैन फ़्रांसिस्को में भारत के कॉन्सुलेट जनरल के ऑफिस का दौरा किया और कॉन्सुलेट जनरल डॉ. के श्रीकर रेड्डी से मुलाकात की। वहां की गर्मजोशी भरी मेहमाननवाज़ी के लिए कॉन्सुलेट की टीम का धन्यवाद किया। दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने और भारतीय समुदाय की मदद करने में उनकी समर्पित कोशिशों की सराहना की।
बता दें कि इससे पहले सीएम भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में वाइब्रेंट गुजरात समिट-2027 के संदर्भ में यूएस की यात्रा पर गए गुजरात प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपनी यात्रा के तीसरे दिन माइक्रोन तथा गूगल का दौरा किया। मुख्यमंत्री के साथ परप्लेक्सिटी एआई के सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने वन-टू-वन बैठक की तथा सिलिकॉन वैली के द इंडस एंटरप्रेन्योर्स टीआईई के सदस्यों के साथ भी बैठक आयोजित हुई।
माइक्रोन के चेयरमैन संजय मेहरोत्रा ने सीएम भूपेंद्र पटेल द्वारा माइक्रोन की साणंद फैसिलिटी के लिए 20 एकड़ भूमि की एक दिन में ही दी गई मंजूरी के लिए आभार व्यक्त किया। माइक्रोन यूनिट का सफल व्यावसायिक उत्पादन शीघ्र शुरू हो सके, इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार के प्रो-एक्टिव दृष्टिकोण की भी सराहना की।
इस दौरे के दौरान गूगल के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा ने विशेष रूप से युवा कौशल, शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एआई प्रशिक्षण तथा कृषि में क्रॉप पैटर्न, क्लाइमेट एंड सॉइल के लिए एआई के उपयोग के क्षेत्रों में गुजरात के साथ काम करने में उत्सुकता दर्शाई। इतना ही नहीं, उन्होंने डेटा सिक्योरिटी के लिए गूगल वर्कस्पेस सॉवरेन एआई के उपयोग के विषय में भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल व गुजरात प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास के साथ जो वन-टू-वन बैठक आयोजित की, उसमें चर्चाओं के दौरान गुजरात में इंजीनियरिंग तथा रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए परप्लेक्सिटी की उपस्थिति स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। अरविंद श्रीनिवास ने गुजरात में डेटा सेंटर सेटअप या डेवलपर एवं परप्लेक्सिटी के बीच हाइब्रिड सेटअप की दिशा में भी रुचि दिखाई। इसके अलावा, द इंडस एंटरप्रेन्योर्स टीआईई के सदस्यों के साथ भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की एक बैठक का आयोजन किया गया।
--आईएएनएस
डीकेपी/