शेन्जेन, 1 सितंबर (आईएएनएस)। चाइना मास्टर्स में भारत की उन्नति हुड्डा का मंगलवार को सफर समाप्त हो गया। शेन्जेन स्पोर्ट्स सेंटर जिम्नेजियम में खेले गए विमेंस सिंगल्स के पहले राउंड के मैच में 18 वर्षीय उन्नति को साउथ कोरिया की किम गा-उन (वर्ल्ड नंबर 12) ने सीधे गेम में 21-10, 21-18 से मात दी। यह मुकाबला 37 मिनट तक चला।
जून में मकाऊ ओपन जीतने के बाद शानदार फॉर्म में चीन पहुंचीं किम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और भारतीय खिलाड़ी को लगातार अच्छी लय में नहीं आने दिया।
कोरियाई खिलाड़ी ने जल्द ही 4-0 की बढ़त हासिल कर ली और इंटरवल तक 11-3 की विशाल बढ़त हासिल कर ली। मैच दोबारा शुरू होने के बाद भी उन्नति इस अंतर कम नहीं कर सकीं। किम ने रैलियों पर अपना दबदबा बनाए रखा और आसानी से पहला गेम जीत लिया।
दूसरा गेम अलग तरह से खेला गया। उन्नति ने अच्छी शुरुआत की और 3-0 से आगे हो गईं, लेकिन किम ने धीरे-धीरे मैच का रुख अपनी ओर मोड़ लिया और 7-5 की बढ़त बना ली।
इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने वापसी करते हुए 15-14 से बढ़त हासिल कर ली, जिससे मुकाबला बराबरी का हो गया। अहम मौकों पर किम ने शानदार खेल दिखाया। उन्नति 18-16 से पीछे थीं, तो उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर लिया, लेकिन इसके बाद कोरियन खिलाड़ी ने लगातार तीन प्वाइंट्स जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।
उन्नति ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपना डेब्यू किया था, जहां वह दूसरे राउंड तक पहुंची थीं। यह युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की उभरती हुई अहम खिलाड़ियों में से एक बनी हुई है।
वहीं, किम ने अपने शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत किया है। इस साल की शुरुआत में मकाऊ ओपन जीतने के अलावा, वह 2023 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली साउथ कोरियाई महिला टीम का भी हिस्सा थीं।
भारत को मेंस डबल्स में भी निराशा हाथ लगी, जहां एमआर अर्जुन और हरिहरन अमसाकरुणन को चीन के चेन बोयांग और लियू यी के खिलाफ अपने पहले मैच के दौरान हटना पड़ा। भारतीय जोड़ी पहले गेम में 11-8 से पीछे चल रही थी, तभी उन्होंने नाम वापस ले लिया।
बुधवार को कई दिग्गज भारतीय खिलाड़ी चाइना मास्टर्स में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे, जिनमें लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा शामिल हैं। देविका सिहाग भी खेलती नजर आएंगी। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की टॉप-सीडेड मेंस डबल्स जोड़ी भारतीय चुनौती की अगुवाई करेगी।
--आईएएनएस
आरएसजी