नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (सीबीआई) में नौकरी करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल केंद्रीय बैंक ने मानव संपदा प्रबंधन (भर्ती एवं पदोन्नति) केंद्रीय कार्यालय में जोखिम प्रबंधन, वित्त एवं लेखा और ऋण में विशेषज्ञ श्रेणी में सहायक महाप्रबंधक (असिस्टेंट जनरल मैनेजर - स्केल V) के 15 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए थे।
बैंक की ओर से असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) पोस्ट के लिए जारी 15 रिक्तियों में जोखिम प्रबंधन (रिस्क मैनेजमेंट) के 2, अनुपालन/जोखिम प्रबंधन का 1, परिसंपत्ति देयता प्रबंधन (एसेट लायबिलिटी मैनेजमेंट) का 1, डिजिटल जोखिम और विश्लेषण (डिजिटल रिस्क एंड एनालिटिक्स) का 1, वित्त एवं लेखा (फाइनेंस एंड अकाउंट्स) के 5 और ऋण अधिकारी (क्रेडिट ऑफिसर) के 5 पद शामिल थे।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 30 अप्रैल से शुरू हो गई थी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 मई तय की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 मई कर दिया गया था। बैंक ने एक बार फिर से इस पोस्ट के लिए आवेदन की डेडलाइन को 25 मई से बढ़ाकर 7 जून कर दिया है। ऐसे में जो उम्मीदवार एजीएम पद के लिए तय समय सीमा के अंदर अपना एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए, उन्हें एक और मौका मिला है। वे अब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि अब इन पदों के लिए अप्लाई करने का यह अंतिम अवसर है।
जोखिम प्रबंधन और अनुपालन/जोखिम प्रबंधन पद के लिए आवेदन पत्र भरने वाले अभ्यर्थियों के पास सांख्यिकी या अर्थशास्त्र में पूर्णकालिक बीएससी/विश्लेषणात्मक क्षेत्र (सांख्यिकी, अनुप्रयुक्त गणित और संचालन अनुसंधान/डाटा विज्ञान) में ग्रेजुएशन की डिग्री या पूर्णकालिक एमबीए वित्त या बैंकिंग या व्यवसाय प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा (पीजीडीबीएम)/जोखिम प्रबंधन में एकीकृत पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (आईपीजीडी-जोखिम प्रबंधन) या इसके समकक्ष एआईसीटीई यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/कॉलेज से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए।
परिसंपत्ति देयता प्रबंधन पद के लिए अभ्यर्थियों के पास बीई/बीटेक या बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा/बैंकिंग/वित्त/चार्टर्ड अकाउंटेंट में, डिजिटल जोखिम और विश्लेषण पद के लिए गणित/सांख्यिकी में ग्रेजुएशन की डिग्री या डेटा साइंस/आईटी/कंप्यूटर साइंस सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में पूर्णकालिक बीई/बीटेक होनी चाहिए।
वित्त एवं लेखा पद के लिए कैंडिडेट्स के पास ग्रेजुएशन की डिग्री और आईसीएआई द्वारा आयोजित अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाण और भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान के सदस्य के रूप में पंजीकरण होना चाहिए। वहीं, ऋण अधिकारी पद के लिए अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान/बोर्ड से चार्टर्ड अकाउंटेंट/चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट/सीएमए-आईसीडब्ल्यूए या बैंकिंग/वित्त/क्रेडिट से संबंधित किसी भी क्षेत्र में दो वर्षीय पूर्णकालिक पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास सभी पोस्ट के लिए प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता, कौशल और तय वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 33 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,20,940 से 1,35,020 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। वहीं, ऑनलाइन टेस्ट और इंटरव्यू जून में आयोजित होने की संभावना है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस के लिए 850 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांगजन और महिला उम्मीदवारों के लिए 175 रुपए है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी