टोरंटो, 14 अगस्त (आईएएनएस)। पौलेंड की इगा स्वियाटेक ने कैनेडियन ओपन 2026 महिला एकल का खिताब जीत लिया है। टोरंटो में खेले गए फाइनल मुकाबले में स्वियाटेक ने कजाकिस्तान की एलेना रायबाकिना को 6-2, 6-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। स्वियाटेक का इस सीजन का यह पहला खिताब है।
टूर्नामेंट में जारी अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए पोलैंड की सातवीं सीड खिलाड़ी स्वियाटेक ने पहले सेट में ही बढ़त बना ली थी, जबकि दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी रायबाकिना ने लगातार दो डबल फॉल्ट पर ब्रेक पॉइंट गंवा दिया। स्वियाटेक के पहला सेट जीतने के लिए रायबाकिना की यह गलती काफी थी।
दूसरे सेट में भी रायबाकिना को अपनी गलतियों का नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने दो मिस्ड बैकहैंड ने स्वियाटेक को एक और ब्रेक दिया। रयाबाकिना एक चैंपियनशिप पॉइंट बचाने में कामयाब रहीं, लेकिन स्वियाटेक ने पिछले सितंबर के बाद से अपना पहला खिताब हासिल करने के लिए दूसरे मौके को भुना लिया।
स्वियाटेक के लिए यह जीत बेहद अहम है। यूएस ओपन की तैयारी कर रही स्वियाटेक का इस जीत के बाद आत्मविश्वास बढ़ेगा।
लंबे समय से कोई खिताब न जीत पाने के कारण आलोचन का सामना कर रहीं स्वियाटेक ने खिताबी जीत के बाद कहा कि यह खिताब मेरे लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि पिछले कुछ महीने बिल्कुल भी आसान नहीं रहे हैं। मैं बहुत खुश हूं कि मैंने आगे बढ़ने, अपने गेम को थोड़ा बदलने, इंटरनेट और ऑनलाइन पर ऑडियंस की मेरे बारे में हर समय बनी राय के बावजूद बेहतर होने पर फोकस किया है। इन सब से डील करना आसान नहीं है। मुझे खुशी है कि असलियत अलग है, मेरे आस-पास ऐसे लोग हैं जो हर सप्ताह और हर दिन मेरा समर्थन करते हैं। ये लोग यहां अपना बेस्ट करने और अपना बेस्ट देने के लिए हैं, जो मुझे पुश करता रहता है।
उन्होंने कहा, "मैं यह खिताब उन सभी लोगों को समर्पित करना चाहती हूं जिन्हें गलत तरीके से जज किया जा रहा है या जिन्हें नफरत का सामना करना पड़ रहा है, चाहे वह खेल में हो या जिंदगी के किसी और क्षेत्र में। मुझे पता है कि यह कितना भारी लग सकता है। सच कहूं तो, उन विचारों को पावर देना सही नहीं है, और यह जानना जरूरी है। आगे बढ़ते रहो, पूरी कोशिश करते रहो, खुद पर फोकस करते रहो, क्योंकि यही सबसे अच्छी चीज है जो तुम कर सकते हो। हमेशा वह सब याद रखो जो आने वाला है और वह सब कुछ जो तुम हासिल कर सकते हो। हां, हम यहां हैं।"
--आईएएनएस
पीएके