नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), नई दिल्ली ने बीएसएफ, सीआरपीएफ और आईटीबीपी के कार्यरत पुरुष और महिला कांस्टेबल (जीडी), हेड कांस्टेबल (जीडी), एएसआई (जीडी) और कांस्टेबल (ट्रेड्समैन) तथा एसएसबी के एएसआई (जीडी), जिनमें वे कर्मी भी शामिल हैं, जो अपनी मूल यूनिट/फोर्स के बाहर प्रतिनियुक्ति या अटैचमेंट पर हैं, उनसे वर्ष 2026 की रिक्तियों के लिए लिमिटेड डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (एलडीसीई) के माध्यम से सब-इंस्पेक्टर (जीडी) के कुल 1,167 पदों पर भर्ती की घोषणा की है।
सब-इंस्पेक्टर (जीडी) पोस्ट के लिए जारी 1,167 रिक्तियों में बीएसएफ के 235 (पुरुष-223 और महिला-12), सीआरपीएफ के 377 (पुरुष-347 और महिला-30), एसएसबी के 125 (महिला) और आईटीबीपी के 430 (महिला) पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीएसएफ की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों के लिए बुनियादी प्रशिक्षण सहित चार वर्ष की नियमित सेवा पूरी होनी चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा (सीबीटी मोड), शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी), दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम