भागलपुर की मशरूम लेडी : पीएमईजीपी का लाभ लेकर बनीं सशक्‍त, महिलाओं को दे रहीं ट्रेनिंग

बिहार: भागलपुर की मशरूम लेडी: पीएमईजीपी का लाभ लेकर बनीं सशक्‍त, महिलाओं को दे रहीं ट्रेनिंग

भागलपुर, 22 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर जिले में ‘मशरूम लेडी’ के नाम से पहचान बना चुकीं स्वर्ण संध्या भारती के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना किसी वरदान से कम नहीं है।

इस योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता ने न केवल उनके जीवन की दिशा बदली, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना दिया। स्वर्ण संध्या अब तक करीब पांच हजार महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दे चुकी हैं।

भागलपुर के सबौर प्रखंड के खनकित्ता गांव की रहने वाली स्वर्ण संध्या भारती ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि पीएमईजीपी योजना के तहत उन्हें 10 लाख रुपए का ऋण मिला, जिससे उन्होंने मशरूम उत्पादन के लिए आवश्यक ढांचा तैयार किया। उन्होंने अपने घर में ही उत्पादन इकाई स्थापित की और विभिन्न प्रकार के मशरूम की खेती शुरू की। आज वे सालाना आय से अपने बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठा रही हैं और परिवार की जरूरतें पूरी कर रही हैं। उनका कहना है कि यदि यह योजना नहीं मिलती, तो उनका जीवन पहले जैसा ही संघर्षपूर्ण बना रहता।

स्वर्ण संध्या ने कहा, “मोदी सरकार की इस योजना ने मेरी तकदीर बदल दी है। अब हम न केवल मशरूम का उत्पादन कर रहे हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी प्रशिक्षण दे रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि उनके यहां प्रशिक्षण लेने के लिए लगातार महिलाएं आती हैं और अब तक पांच हजार से अधिक महिलाओं को मशरूम उत्पादन की तकनीक सिखाई जा चुकी है। इससे कई महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिला है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है और इसके लिए वे पीएम मोदी को धन्यवाद देती हैं। स्वर्ण संध्या ने अपील की कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह की योजनाएं निरंतर चलाई जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को लाभ मिल सके और वे भी अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम