भिलाई नगर स्टेशन का कायाकल्प, 'अमृत भारत योजना' के तहत बढ़ीं यात्री सुविधाएं

भिलाई नगर स्टेशन हुआ आधुनिक, अमृत भारत योजना के तहत बढ़ीं यात्री सुविधाएं

दुर्ग, 15 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई नगर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत किया गया है। इस योजना का उद्देश्य देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और यात्रियों को बेहतर अवसंरचना उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में भिलाई नगर स्टेशन पर भी व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए गए हैं, जिससे यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण मिल रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के आधुनिकीकरण के तहत कई नई सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर और सुसज्जित प्लेटफॉर्म, नए टिकट काउंटर, बैठने की बेहतर व्यवस्था, साफ-सफाई की उन्नत व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर को अधिक सुगम और आकर्षक बनाया गया है।

अधिकारियों का मानना है कि इन सुधारों से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन तथा रेल कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलेगा।

स्टेशन के आधुनिकीकरण के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने नई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है। एक यात्री ने बताया कि पहले की तुलना में अब स्टेशन पर काफी सुधार दिखाई देता है। पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की गई है और स्टेशन के दोनों ओर टिकट काउंटर बनाए गए हैं, जिससे टिकट खरीदने में अधिक समय नहीं लगता। इसके अलावा बैठने की व्यवस्था और वेटिंग हॉल भी पहले से अधिक आरामदायक हो गए हैं।

स्थानीय निवासी सुरेश प्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और कुल मिलाकर सुविधाएं पहले की अपेक्षा बेहतर हो गई हैं। वहीं, राम प्रताप का कहना है कि स्टेशन के आधुनिक बनने से यहां यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी और लोगों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी।

रेलवे कर्मी काजल देशमुख ने बताया कि स्टेशन पर नया टिकट काउंटर बनाया गया है और वेटिंग हॉल को पहले से काफी बेहतर बनाया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए एटीएम जैसी टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं, जिससे लोग आसानी से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा एयर-कंडीशनिंग, वेटिंग हॉल और साफ-सुथरे वॉशरूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की जा रही है।

लोगों का मानना है कि स्टेशन के आधुनिकीकरण के साथ-साथ यहां ट्रेनों के ठहराव की संख्या बढ़ाना भी जरूरी है। स्थानीय निवासी प्रकाश वर्मा ने कहा कि स्टेशन की सुविधाएं पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई हैं, लेकिन यहां अधिक ट्रेनों का स्टॉपेज होना चाहिए। उनका कहना है कि यदि एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया जाता है तो यात्रियों को दूसरे स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम