नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआई) में नौकरी करना देश के हजारों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने लॉन्ग टर्म इकोलॉजिकल ऑब्जर्वेटरीज (आर्थ्रोपोड्स) में काम करने के लिए कई पदों पर पूरी तरह से अस्थायी नियुक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जेडएसआई की ओर से जिन पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति के लिए रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें जूनियर रिसर्च फेलो (नेट/गेट क्वालिफाइड) या जूनियर प्रोजेक्ट फेलो (नेट/गेट नॉन-क्वालिफाइड) के 3 और सीनियर रिसर्च फेलो (नेट/गेट क्वालिफाइड) या सीनियर प्रोजेक्ट फेलो (नेट/गेट नॉन-क्वालिफाइड) का 1 पद शामिल है।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जूनियर रिसर्च फेलो पद के लिए जूलॉजी/वाइल्डलाइफ बायोलॉजी/बायोडायवर्सिटी में एमएससी (कम से कम 65 प्रतिशत अंक या 10-पॉइंट स्केल पर 6.5 सीजीपीए) और सीएसआईआर-नेट/गेट क्वालिफाइड होना चाहिए।
सीनियर रिसर्च फेलो के लिए जूलॉजी/वाइल्डलाइफ बायोलॉजी/बायोडायवर्सिटी में एमएससी (कम से कम 65 प्रतिशत अंक या 10-पॉइंट स्केल पर 6.5 सीजीपीए के साथ) और डेटा क्यूरेशन, डेटा एनालिसिस, जीआईएस, रिमोट सेंसिंग और स्पीशीज डिस्ट्रीब्यूशन मॉडलिंग में दो वर्ष का अनुभव और रिसर्च पब्लिकेशन होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु जूनियर रिसर्च फेलो के लिए 28 वर्ष और सीनियर रिसर्च फेलो के लिए 32 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद जूनियर रिसर्च फेलो पद पर चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,000 रुपए (नेट/गेट नॉन-क्वालिफाइड) और 37,000 रुपए (नेट/गेट क्वालिफाइड) प्रति माह होगी। वहीं, सीनियर प्रोजेक्ट फेलो पद पर चुने गए कर्मचारियों की सैलरी 28,000 रुपए (नेट/गेट नॉन-क्वालिफाइड) और 42,000 रुपए (नेट/गेट क्वालिफाइड) प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले भारतीय प्राणी सर्वेक्षण की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना लिंक में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन कर अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले मेल कर दें।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सभी पद पूर्णकालिक हैं और शुरुआती नियुक्ति एक वर्ष के लिए है, जिसमें फील्ड और प्रयोगशाला में किए गए प्रदर्शन के आधार पर दोबारा नियुक्ति की संभावना भी है। वहीं, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू कमेटी के सामने पेश होने के लिए ईमेल या स्पीड पोस्ट के जरिए सूचित किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम