भारतीय महिला बैडमिंटन टीम का एशियन गेम्स 2026 में सफर समाप्त, क्वार्टर फाइनल में जापान ने हराया

भारतीय महिला बैडमिंटन टीम का एशियन गेम्स 2026 में सफर समाप्त, क्वार्टर फाइनल में जापान ने हराया

इचिनोमिया सिटी, 22 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला बैडमिंटन टीम का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। मंगलवार को भारतीय टीम को जापान के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।

त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन सिंगल्स में भारतीय टीम को अपने तीनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु को एकतरफा मुकाबले में दुनिया की नंबर 3 खिलाड़ी अकाने यामागुची के खिलाफ 23-21, 18-21, 6-21 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद उन्नति हुड्डा भी 2022 की वर्ल्ड जूनियर चैंपियन और मौजूदा वर्ल्ड नंबर 7 खिलाड़ी टोमोका मियाजाकी से पार नहीं पा सकीं और उन्हें 16-21, 18-21 से हार का मुंह देखना पड़ा। इस जीत के साथ ही जापान ने अपनी बढ़त को 2-0 कर लिया। हालांकि, इसके बाद त्रिशा और गायत्री की जोड़ी ने भारतीय टीम को मैच में बनाए रखा और उन्होंने डबल्स मुकाबले में युकी फुकुशिमा और मायु मात्सुमोतो को 21-17, 21-16 से हराकर भारत की उम्मीदें बनाए रखीं।

तन्वी शर्मा निर्णायक मुकाबले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं और उन्हें तीसरे सिंगल्स मुकाबले में पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ 12-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे जापान ने इस मुकाबले में अपनी जीत पक्की कर ली। जापान के खिलाफ मिली हार के साथ ही भारतीय महिला टीम का एशियन गेम्स 2026 में मेडल जीतने का सपना भी टूट गया है।

एशियन गेम्स में भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने अब तक सिर्फ एक बार ही मेडल जीता है। साल 2014 में देश की झोली में ब्रॉन्ज मेडल आया था। पिछले एशियन गेम्स में भारतीय टीम थाईलैंड के खिलाफ 0-3 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट का आगाज कजाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर किया था।

--आईएएनएस

एसएम/एएस