भारतीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, गेंदबाजों के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

भारतीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, गेंदबाजों के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

क्राइस्टचर्च, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला हेगले ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 225 रन बनाए। इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उनके नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में पहली बार भारत के पांच गेंदबाजों ने एक ही मैच में 40 रन या उससे ज्यादा खर्च किए। चार साल बाद टीम में लौटे भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर के स्पेल में 49 रन खर्च किए। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 45 रन देकर एक विकेट चटकाया। वहीं, मयंक यादव ने चार ओवर में 40 रन दिए। अक्षर पटेल सबसे महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में एक विकेट लेकर 51 रन खर्च किए। नीतीश कुमार रेड्डी ने भी 4 ओवर में बिना कोई चटकाए 40 रन दिए। भारत के हर गेंदबाज का इकोनॉमी 10 से ऊपर रहा।

न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 40 गेंदों में 82 रनों की नाबाद पारी खेली। फिलिप्स ने अपनी इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, फिन एलन ने 24 गेंदों में 45 रनों का योगदान दिया। फिलिप्स ने चौथे विकेट के लिए बेवन जैकब्स संग मिलकर 32 गेंदों में 73 रनों की तूफानी साझेदारी निभाई। जैकब्स ने सिर्फ 16 गेंदों का सामना करते हुए 3 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए।

डेरिल मिचेल ने 19 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया। वहीं, टिम सीफर्ट ने 17 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। न्यूजीलैंड द्वारा बनाया गया यह स्कोर टीम का भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले, इसी साल में न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में 225 रन बनाए थे। वहीं, यह हेगले ओवल के मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम